दशकों तक आतंक के पर्याय रहे डकैत बबली कोल की प्रेमिका की निर्ममता से हत्या
करीब एक दशक तक आतंक का पर्याय रहे डकैत बबली कोल की प्रेमिका गुड़िया कोल की अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी है।
रीवा, राज्य ब्यूरो। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रीवा व सतना जिले के तराई अंचल में करीब एक दशक तक आतंक का पर्याय रहे डकैत बबली कोल की प्रेमिका गुड़िया कोल की अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना रीवा जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत अकौनी गांव की है। नवनिर्मित मकान में खून से लथपथ गुड़िया का शव बरामद हुआ। बताया जाता है कि चार लोगों ने वारदात को अंजाम दिया।
रात में घर में घुसकर हत्या
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने बताया कि रीवा जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत अकौनी गांव में गुडि़या कोल अपने स्व. पति अनिल सिंह बरगाही के घर में रहती थी। गुड़िया ने पिछले साल बबली कोल के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद 60 साल के अनिल सिंह बरगाही के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। बबली कोल पर साढ़े छह लाख रुपये का ईनाम था। पति की डेढ़ महीने के अंदर ही मौत हो गई थी, जिससे वह उसके पैतृक गांव सेमरिया से तीन किलोमीटर आगे एक नए मकान पांच साल की बच्ची के साथ रह रही थी। बुधवार को ही मकान में शिफ्ट हुई थी। रात में सो रही थी, तभी चार आरोपितों ने घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। बच्ची भी उसके पास सोई हुई थी लेकिन डर के मारे नहीं उठी। सुबह उसने घटना की सूचना दी।
संपत्ति को लेकर हत्या की आशंका
गुड़िया उस समय सुर्खियों में आ गई थी, जब तत्कालीन आइजी उमेश जोगा ने सात लाख के इनामी बबली कोल को पकड़ने के लिए सबसे पहले गुड़िया को हिरासत में लिया था। मामले में पुलिस ने गुड़िया के स्व. पति के भांजे अशोक सिंह तथा उसके बेटे विकास सिंह को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद गुड़िया का अशोक सिंह के साथ अवैध संबंध था। पुलिस पूरा मामला संपत्ति के विवाद से जोड़कर देख रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा का कहना है कि गुड़िया कोल की हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।