मुंबई बारिश: बीएमसी का दावा, अब तक 5 की मौत और दर्जनों लापता
बीएमसी महानगर आपदा नियंत्रण के अनुसार, विक्रोली पूर्व में एक दो साल की लड़की कल्याणी गोपाल जंगम की मौत एक दीवार के नीचे दब जाने से हो गई।
मुंबई (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बारिश के कारण पांच लोगों के मारे जाने की खबर है। बुधवार को आए आधिकारिक बयान में ये कहा गया है। बीएमसी महानगर आपदा नियंत्रण के अनुसार, विक्रोली पूर्व में एक दो साल की बच्ची कल्याणी गोपाल जंगम की मौत एक दीवार के नीचे दब जाने से हो गई। उसके माता-पिता, गोपाल जंगम और छाया भी इसमें घायल हुए जिन्हें महात्मा फुले अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विक्रोली के सूर्यनगर में हुई एक अन्य घटना में, मूसलधार बारिश से एक घर का कुछ हिस्सा धराशायी हो गया जिसमें दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इसके अलावा, 18 महीने का एक शिशु, और 40 वर्षीय सुरेश ए. मौर्य की मौत घाटकोपर में राजाबाड़ी अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। घाटकोपर के ही अम्बेडकर नगर में 45 वर्षीय रामेश्वर तिवारी की मौत उनका घर गिर जाने से हो गई जिसमें उनकी पत्नी और उनके नाबालिग बच्चे घायल हो गए।
मुंबई के विभिन्न हिस्सों में एक दर्जन से ज्यादा लोग लापता हैं। लापता लोगों की तस्वीरों के माध्यम से उनका पता लगाने के लिए सोशल मीडिया पर संदेश भेजे जा रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को मुंबई सहित पूरे तटीय कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के अनुसार, कोंकण के अलावा, पड़ोसी गोवा और गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों में बुधवार से रविवार तक भारी बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : मुंबई बारिश: यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना बीएमसी की पहली प्राथमिकता