Move to Jagran APP

हरित क्रांति के अगुआ स्वामीनाथन

एमएस स्वामीनाथन का जन्म सात अगस्त, 1

By Edited By: Published: Wed, 07 Aug 2013 09:58 AM (IST)Updated: Wed, 07 Aug 2013 10:02 AM (IST)
हरित क्रांति के अगुआ स्वामीनाथन

नई दिल्ली। एमएस स्वामीनाथन का जन्म सात अगस्त, 1925 को कुंभकोणम, तमिलनाडु में हुआ था। वह पौधों के जेनेटिक वैज्ञानिक हैं। उन्होंने 1966 में मैक्सिको के बीजों को पंजाब की घरेलू किस्मों के साथ मिश्रित करके उच्च उत्पादकता वाले गेहूं के संकर बीज विकसित किए। इनको विज्ञान और अभियांत्रिकी के क्षेत्र में भारत सरकार द्वारा सन् 1967 में पद्म श्री, 1972 में पद्म भूषण और 1989 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

loksabha election banner

हरित क्रांति के अगुआ

भारत लाखों गांवों का देश है और यहां की अधिकांश जनता कृषि के साथ जुड़ी हुई है। इसके बावजूद कई वर्षो तक यहां कृषि से संबंधित जनता भी भुखमरी के कगार पर अपना जीवन बिताती रही है। इसका कारण कुछ भी हो पर यह भी सत्य है कि ब्रिटिश शासनकाल में भी खेती या मजदूरी से जुड़े हुए कई लोगों को बड़ी कठिनाई से खाना प्राप्त होता था। कई अकाल भी पड़ चुके थे।

भारत के संबंध में यह भावना बन चुकी थी कि कृषि से जुड़े होने के बावजूद भारत के लिए भुखमरी से निजात पाना कठिन है। इसका कारण यही था कि भारत में कृषि के सदियों से चले आ रहे उपकरण और बीजों का प्रयोग होता रहा था। फसलों की उन्नति के लिए बीजों में सुधार की ओर किसी का ध्यान ही नहीं गया था।

एमएस स्वामीनाथन ही पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने सबसे पहले गेहूं की एक ऐसी किस्म को पहचाना और स्वीकार किया कि इस कार्य के द्वारा भारत को अन्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। यह मैक्सिकन गेहूं की एक किस्म थी, जिसे स्वामिनाथन ने भारतीय खाद्यान्न की कमी दूर करने के लिए सबसे पहले अपनाने के लिए स्वीकार किया। इसके कारण भारत के गेहूं उत्पादन में भारी वृद्धि हुई। इसलिए स्वामीनाथन को भारत में हरित क्रांति का अगुआ माना जाता है।

स्वामीनाथन के प्रयत्नों का परिणाम यह है कि भारत की आबादी में प्रतिवर्ष पूरा एक ऑस्ट्रेलिया समा जाने के बाद भी खाद्यान्नों के मामले में आत्मनिर्भर बन चुका है। भारत के खाद्यान्नों का निर्यात भी किया है और निरंतर उसके उत्पादन में वृद्धि होती रही है।

सम्मान और पुरस्कार:

लंदन की रॉयल सोसायटी सहित विश्व की 14 प्रमुख विज्ञान परिषदों ने एमएस स्वामीनाथन को अपना मानद सदस्य चुना है। कई विश्वविद्यालयों ने डॉक्टरेट की उपाधियों से उन्हें सम्मानित किया है। 1967 में भारत सरकार ने पद्मश्री और 1972 में पद्मभूषण से सम्मानित करके एक ऐसे व्यक्ति को महत्व दिया है, जिसने स्वयं कभी प्रचार की ओर आकर्षण नहीं दिखाया। 1971 में इन्हें रेमन मैगसेसे पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.