जवाहर लाल नेहरू की ब्रांडेड सिगरेट लेने के लिए भोपाल से इंदौर गया था सरकारी प्लेन, एमपी के मंत्री ने लगाए आरोप
सारंग ने कहा कि इस संबंध में तत्कालीन राज्यपाल का ऑडिट नोट है। यह राजभवन की वेबसाइट पर उपलब्ध है। केवल गांधी टोपी पहनने से गांधीजी का विचार नहीं आता। इसलिए हम कहते हैं कि नेहरू परिवार ने इस देश में सांप्रदायिक और साम्राज्यवाद के लिए काम किया।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मीडिया से चर्चा में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक हम यही सुनते आए थे कि नेहरू जी के कपड़े पेरिस और इंग्लैंड धुलने जाते थे, पर राजभवन के दस्तावेज कहते हैं कि नेहरूजी की सिगरेट लेने के लिए मध्य प्रदेश सरकार का प्लेन भोपाल से इंदौर गया था। नेहरू का 555 ब्रांड सिगरेट का पैकेट भोपाल में नहीं मिला। जब यहां स्टाफ को पता चला तो उन्होंने भोपाल से इंदौर के लिए एक विशेष विमान पहुंचाया। वहां एक व्यक्ति इंदौर एयरपोर्ट पर सिगरेट के कुछ पैकेट लेकर पहुंचा और वह पैकेट लेकर विमान भोपाल आया।
राजभवन की ऑफिशियल वेबसाइट में इस रोचक प्रसंग का उल्लेख
सारंग ने कहा कि इस संबंध में तत्कालीन राज्यपाल का ऑडिट नोट है। यह राजभवन की वेबसाइट पर उपलब्ध है। केवल गांधी टोपी पहनने से गांधीजी का विचार नहीं आता। इसलिए हम कहते हैं कि नेहरू परिवार ने इस देश में सांप्रदायिक और साम्राज्यवाद के लिए काम किया। कांग्रेस नेताओं को इसके लिए माफी मांगनी पड़ेगी।
कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया
उधर, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि समूचे देश में महापुरुषों के चरित्र हनन के जो निकृष्ट प्रयास किए जा रहे हैं, सारंग का बयान उसी साजिश का हिस्सा है। राजभवन के नाम से वेबसाइट पर जो संस्मरण लिखे गए हैं, क्या वे प्रमाणिक रूप से तत्कालीन गवर्नर विनायक पाटस्कर द्वारा लिखे गए हैं? या किसी लेखक द्वारा लिखवाए गए हैं? यह जांच का विषय है। प्रोटोकाल के अनुसार कौन प्रधानमंत्री क्या खाता है, क्या पहनता है, क्या पीता है, इसकी जानकारी क्या डी-क्लासिफाइड की जाती है?