Covid Second Wave: ज्यादा मौतें होने से मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाली वेबसाइट ही हो गई थी बंद
प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में कोरोना संक्रमण के कारण इतनी अधिक मौतें हुई कि मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाली वेबसाइट ही बंद हो गई थी। दरअसल केंद्र सरकार ने जन्म और मृत्यु के पंजीकरण के लिए सीआरएस वेबसाइट बनाई है।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में कोरोना संक्रमण के कारण इतनी अधिक मौतें हुई कि मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाली वेबसाइट ही बंद हो गई थी। दरअसल, केंद्र सरकार ने जन्म और मृत्यु के पंजीकरण के लिए सीआरएस वेबसाइट बनाई है। इसके जरिए देशभर के नगरीय निकाय, ग्राम पंचायतों के पंजीकरण किए जाते हैं। यह वेबसाइट ही विगत दिनों 72 घंटे के लिए बंद रही।
तीन दिन बाद शुरू हुई, लेकिन अटक- अटक कर हो रहा काम
राजधानी में तीन दिन तक लोग मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन न होने से परेशान हुए। इस दौरान करीब पांच हजार से अधिक लोग आवेदक नहीं कर पाए। अब वेबसाइट शुरू तो हो गई है लेकिन अभी भी अटक कर चल रही है। इसके पीछे कारण यह बताया जा रहा है कि देशभर में मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन की संख्या में अचानक इजाफा हो गया था। इसके चलते वेबसाइट बंद हो गई थी। इधर, भोपाल में वर्तमान में करीब 300 आवेदन प्रतिदिन आ रहे हैं।
ऑनलाइन जारी होता है प्रमाण पत्र
जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन को सत्यापन के बाद वेबसाइट पर ऑनलाइन भरा जाता है। सारी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रमाण पत्र ऑनलाइन ही जारी हो जाता है। इसके लिए 15 दिन की समय सीमा तय की गई है।
पिछले दो महीने में बने 3800 से अधिक मृत्यु प्रमाण पत्र
नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 मार्च से 20 मई तक शहर में करीब 3800 से अधिक मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले तीन गुना अधिक है। पिछले साल इसी समय में करीब 1100 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए थे। इधर, प्रशासन के अनुसार एक मार्च से अब तक करीब 900 लोगों की मृत्यु हुई है लेकिन इतनी अधिक संख्या में मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हुए हैं। बता दें कि यह संख्या निजी अस्पतालों से प्राप्त आंक़़डों के अनुसार जारी किए गए मृत्यु प्रमाण पत्र की है।