पहली बार एक दिन में कोरोना के तीस हजार से अधिक केस, अब तक 63.25 फीसद मरीज हुए ठीक
देश में कोरोना से संक्रमित 612814 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 331146 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। देश के बाकी हिस्सों का हाल जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...
नई दिल्ली, पीटीआइ। देश में कोरोना से संक्रमित 6,12,814 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3,31,146 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान 20,783 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इस तरह अब तक करीब 63.25 फीसद मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं देश में पहली बार एक दिन में तीस हजार से अधिक मामले सामने आने के साथ गुरुवार को संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 9,68,876 पर पहुंच गई। यही नहीं संक्रमण से 606 और लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 24,915 हो गया।
34.18 फीसद सक्रिय मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सक्रिय मामलों में क्रमिक रूप से कमी आने का श्रेय लक्षित उपायों को दिया है। मंत्रालय ने कहा कि मध्य जून में इस रोग से ठीक होने की दर बढ़ कर 50 प्रतिशत हो गई थी। इसके बाद इसमें क्रमिक रूप से वृद्धि हुई और सक्रिय मामलों की संख्या में कमी आती गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की रणनीति पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में काम हो रहा है। मध्य जून में सक्रिय मामलों का आंकड़ा करीब 45 फीसद था, जो घट कर अब करीब 34.18 रह गया है। वहीं संक्रमण मुक्त होने वालों मरीजों का आंकड़ा 63.25 फीसद हो चुका है।
महाराष्ट्र और तमिलनाडु में 48.15 फीसद सक्रिय मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार दो राज्यों महाराष्ट्र और तमिलनाडु में देश के 48.15 फीसद सक्रिय मामले हैं जबकि दस राज्यों में 84.62 फीसद सक्रिय मामले हैं। आइसीएमआर के अनुसार 15 जुलाई तक देश भर में 1,27,39,490 लोगों की जांच हो चुकी है है जबकि अकेले बुधवार को 3,26,826 लोगों की जांच की गई।
रिकार्ड सर्वाधिक मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 32,695 मामले सामने आए। इनमें से महाराष्ट्र में 7,975, तमिलनाडु में 4,496, कर्नाटक में 3,176, आंध्र प्रदेश में 2,432, उत्तर प्रदेश में 1,659, दिल्ली में 1,647, तेलंगाना में 1,597, पश्चिम बंगाल में 1,589 और बिहार 1,329 मामले सामने आए जो एक दिन में आए मामलों का करीब 80 फीसद है। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
महाराष्ट्र में सर्वाधिक मौतें
बीते 24 घंटे में जिन 606 लोगों की मौत हुई है उनमें से 233 की महाराष्ट्र, 86 की कर्नाटक, 68 की तमिलनाडु, 44 की आंध्र प्रदेश, 41 की दिल्ली, 29 की उत्तर प्रदेश, 20 की पश्चिम बंगाल, 11-11 की जम्मू कश्मीर और तेलंगाना, 10 की गुजरात और नौ लोगों की मध्य प्रदेश में मौत हुई है। पंजाब में आठ लोगों ने जान गंवाई जबकि हरियाणा में सात, असम और बिहार में छह-छह, राजस्थान में पांच, ओडिशा और पुडुचेरी में तीन-तीन, झारखंड में दो जबकि चंडीगढ़, केरल, त्रिपुरा और दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
अब तक 24,915 मौतें
इस वैश्विक महामारी से अब तक कुल 24,915 लोगों की मौत हुई है। इनमें से महाराष्ट्र में 10,928, दिल्ली में 3,487, तमिलनाडु में 2,167, गुजरात में 2,079, उत्तर प्रदेश में 1,012, पश्चिम बंगाल में 1,000, कर्नाटक में 928, मध्य प्रदेश में 682 और राजस्थान में 530 लोगों ने जान गंवाई। आंध्र प्रदेश में 452, तेलंगाना में 386, हरियाणा में 319, पंजाब में 221, जम्मू कश्मीर में 206, बिहार में 180, ओडिशा में 77, उत्तराखंड में 50, असम में 46, झारखंड में 38 और केरल में 35 लोगों की मौत हुई है।
70 फीसद मामलों में दूसरी बीमारी मौत की वजह
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों की मौत किसी न किसी अन्य बीमारी के कारण हुई। महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे अधिक 2,75,640 मामले सामने आए हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 1,51,820, दिल्ली में 1,16,993, कर्नाटक में 47,253, गुजरात में 44,552, उत्तर प्रदेश में 41,383 और तेलंगाना में 39,342 लोग संक्रमित पाए गए हैं। आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 35,451, बंगाल में 34,427, राजस्थान में 26,437, हरियाणा में 23,306, बिहार में 20,612 और मध्य प्रदेश में 19,643 हो गए हैं।
असम में 18,666 मामले
असम में अब तक संक्रमण के 18,666, ओडिशा में 14,898, जम्मू कश्मीर में 11,666, केरल में 9,553 जबकि पंजाब में 8,799 मामले सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ में 4,539, झारखंड में 4,320, उत्तराखंड में 3,785, गोवा में 2,951, त्रिपुरा में 2,268, मणिपुर में 1,700, पुडुचेरी में 1,596, हिमाचल प्रदेश में 1,341 और लद्दाख में 1,142 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। नगालैंड में 902, चंडीगढ़ में 625 और दादर और नगर हवेली तथा दमन और दीव में 539 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। अरुणाचल प्रदेश में अब तक 462, मेघालय में 346, मिजोरम में 238, सिक्किम में 220 जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप में 176 मामले आए हैं।