Move to Jagran APP

देश में 11.65 लाख से ज्यादा ने कोरोना को दी मात, महाराष्ट्र में नए मामलों से ज्यादा मरीज हुए ठीक

देश में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। राज्‍यों के हालात जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sun, 02 Aug 2020 09:52 PM (IST)Updated: Mon, 03 Aug 2020 03:48 AM (IST)
देश में 11.65 लाख से ज्यादा ने कोरोना को दी मात, महाराष्ट्र में नए मामलों से ज्यादा मरीज हुए ठीक
देश में 11.65 लाख से ज्यादा ने कोरोना को दी मात, महाराष्ट्र में नए मामलों से ज्यादा मरीज हुए ठीक

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। अन्य कई राज्यों में करीब-करीब नए मामलों के बराबर मरीज ठीक भी हुए। अगर पूरे देश की बात करें तो करीब 40 हजार नए मामले सामने आए हैं और छह सौ से ज्यादा और मरीजों की जान भी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में संक्रमितों की संख्या 17 लाख 50 हजार 723 हो गई है और 37,364 मरीजों की अब तक जान भी जा चुकी है। 11 लाख 45 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं और सक्रिय मामले पांच लाख 67 हजार से कुछ ज्यादा रह गए हैं।

loksabha election banner

महाराष्ट्र में 9,509 नए केस, 9,926 हुए ठीक

महाराष्ट्र में 9,509 नए मामले सामने आए हैं और 9,926 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है। पहली बार नए मामलों से ज्यादा ठीक होने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा है। राज्य में अब तक चार लाख 41 हजार 228 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इनमें से दो लाख 76 हजार 809 मरीज अब तक स्वस्थ भी हो चुके हैं और सक्रिय मामले 1.48 लाख ही रह गए हैं। राज्य में अब तक 15,576 मरीजों की मौत हुई है। रविवार को 260 मरीजों की जान गई। मुंबई की स्थिति कुछ सुधरती नजर आ रही है। महानगर में 1,105 नए मामले मिले, जो पिछले दिनों की तुलना में बहुत कम हैं। महानगर में अब तक एक लाख 16 हजार 436 संक्रमित पाए जा चुके हैं।

गुजरात में 1,101 नए केस

गुजरात में 1101 नए मामले सामने आए और 805 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली। संक्रमितों का आंकड़ा 63,575 हो गया है। अब तक 2,487 लोगों की जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले सिर्फ 14,601 ही रह गए हैं। 73.16 फीसद मरीज ठीक हो चुके हैं।

दिल्ली में हजार से कम नए मामले

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हजार से कम नए मामले मिले हैं। 961 नए मामलों के साथ राजधानी में अब तक मिले कुल संक्रमितों की संख्या एक लाख 37 हजार को पार कर गई है। मरने वालों की संख्या चार हजार से ज्यादा हो गई है।

दक्षिण भारत में कहर जारी

दक्षिण भारत में कोरोना का कहर जारी है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में नए संक्रमितों का बढ़ना जारी है। तमिलनाडु में 5,875 नए मामले मिले हैं और 5,517 मरीज ठीक भी हुए हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या ढाई लाख को पार कर गई है। अब तक 4,132 मरीजों की जान जा चुकी है।

आंध्र में 8,555 नए केस

आंध्र प्रदेश में 8,555 नए केस मिले हैं, वहीं 6,272 मरीज ठीक भी हुए हैं। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या एक लाख 58 हजार से ज्यादा हो गई है। इनमें से करीब 83 हजार मरीज ठीक हुए हैं। मरने वालों का आंकड़ा 1,474 हो गया है। तेलंगाना में 1891 नए मामलों के साथ कुल मरीज 66 हजार 677 और केरल में 1169 नए केस के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 25 हजार 905 पर पहुंच गया है।

उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड 53 मौतें

यूपी में 3,853 नए मामले सामने आए हैं और 53 लोगों की मौत हुई है। राज्य में पहली बार एक दिन में 53 मरीजों की जान गई है। राज्य में अब तक 92 हजार 921 मरीज मिल चुके हैं और 1,730 लोगों की जान जा चुकी है। ओडिशा में 1434 नए केस के साथ कुल मामले 34 हजार 913, बंगाल में 2,739 नए मामलों के साथ 75 हजार 516 और मध्य प्रदेश में 921 नए मामलों के साथ अब तक 33 हजार 535 संक्रमित सामने आ चुके हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.