Move to Jagran APP

Monsoon Update: तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून, मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए- यूपी- बिहार- दिल्ली का मौसम अपडेट्स

मौसम विभाग ने मुंबई समेत राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं मध्य प्रदेश में प्री मॉनसून बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Tue, 08 Jun 2021 04:38 PM (IST)Updated: Wed, 09 Jun 2021 06:38 AM (IST)
Monsoon Update: तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून, मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए- यूपी- बिहार- दिल्ली का मौसम अपडेट्स
बिहार, उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश में मानसून के जल्दी पहुंचने का अनुमान (फाइल फोटो)

 नई दिल्ली, एजेंसी। मानसून जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, उससे दिल्‍ली-एनसीआर समेत उत्‍तर भारत को जल्‍द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने मुंबई समेत राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, मध्य प्रदेश में प्री मानसून बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा है। महाराष्ट्र के बाद बिहार, उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश में मानसून (Monsoon) के जल्दी पहुंचने का अनुमान है।

loksabha election banner

मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई में आज देर शाम या कल तक मानसून (Monsoon) दस्तक दे सकता है। बता दें कि पूर्वानुमान के मुताबिक 11 जून को महाराष्ट्र राज्य में मानसून के पहुंचने की संभावना थी। इस हफ्ते महाराष्ट्र में मुंबई तथा राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के मुताबिक, क्षेत्र में अगले 5 दिन में मौसम बिगड़ने की कई चेतावनी दी गई है। इस दौरान मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 10 जून से अधिक बारिश होने की आशंका है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मौसम बिगड़ने और तेज बारिश के दौरान किसी अनहोनी से निपटने के लिए राज्य प्रशासन को मुस्तैद रहने का आदेश दिया है। उन्होंने राज्य प्रशासन को निचले स्थानों, क्षतिग्रस्त भवनों और भूस्खलन वाली जगहों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का निर्देश दिया है।

यूपी, बिहार व एमपी में कब तक आ जाएगा मॉनसून

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में 11 जून के कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई है। इसका असर मानसून पर दिखेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून तक मानसून महाराष्‍ट्र के बाकी हिस्‍सों (मुंबई समेत), तेलंगाना, आंध्र प्रदेश तक पहुंच जाएगा। इसके 11-13 जून के बीच ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्‍तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश के कुछ हिस्‍सों और गुजरात तक पहुंचने का अनुमान है।

अगले 24 घंटे के दौरान इन राज्यों में बारिश के आसार

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा के उत्तरी तट, गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, विदर्भ और दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पूर्वी बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

 यूपी में आज से शुरू हो जाएंगी प्री मानसून गतिविधियां

गर्मी से जूझ रहे यूपी के लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून उत्तर प्रदेश में लगभग एक हफ्ते पहले ही दस्तक दे सकता है। बुधवार से प्री मानसून गतिविधियां शुरू हो जाएंगी और राजधानी के साथ-साथ पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बौछारें पड़ने व तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक-दो दिन में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा, जिसके चलते मानसून सक्रिय होगा और अगले दो-तीन दिन में इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की उम्मीद है। सामान्य स्थिति में यूपी में 18 जून के आसपास मानसून की आमद होती है, लेकिन इस बार यह एक हफ्ते पहले ही यह दस्तक दे सकता है।

मप्र में तीन बाद भारी बारिश के आसार, समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून

अरब सागर के साथ ही बंगाल की खाड़ी में जबरदस्त हलचल के चलते मध्य प्रदेश में मानसून के दस्तक देने की उलटी गिनती शुरू हो गई है। इसके तहत मानसून पूर्व की गतिविधियों में तेजी आ गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौजूदा स्थिति में दक्षिण-पश्चिम मानसून तय तारीख से पहले आमद दर्ज करा सकता है। उधर, बंगाल की खाड़ी में भी 11 जून को कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। इसके प्रभाव से 12 जून से राजधानी सहित प्रदेश के जबलपुर, शहडोल, होशंगाबाद, संभाग के जिलों में भारी बरसात का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ममता यादव ने बताया अरब सागर से आगे बढ़े मानसून ने उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में उपस्थिति दर्ज करा दी। मानसून बंगाल की खाड़ी वाले हिस्से में बागडोगरा तक पहुंच गया है।

जानें- दिल्‍ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्‍ली-एनसीआर को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही। 11 जून तक आसमान साफ रहने के साथ-साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है जबकि न्‍यूनतम तापमान 26-28 डिग्री के बीच रहेगा। 13 जून से मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने 13 और 14 जून को गरज के साथ बारिश का अनुमान लगाया है।

ये भी पढ़ें- कोई अनजान लड़की आप से भी तो नहीं कह रही वाट्सअप वीडियो चैट पर आने की रिक्वेस्ट, जान लें उसका मकसद, ध्यान से पढ़ लें खबर

लव-कुश गिरोह झपटता था ट्रेनों की रफ्तार धीमी होने पर यात्रियों का मोबाइल और करता था चोरी, जानिए वारदात का तरीका


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.