महिला अपराध: ठाणे में क्वारंटाइन सेंटर में महिला के साथ दुराचार, आरोपित गिरफ्तार
विरोध करने पर आरोपित ने उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। इस तरह से जून के पहले सप्ताह में उसने तीन बार दुष्कर्म किया।
ठाणे, प्रेट्र। मुंबई के ठाणे स्थित एक क्वारंटाइन सेंटर में 27 वर्षीय महिला के साथ कई बार दुराचार करने का मामला सामने आया है। घटना जून माह की है, लेकिन पीड़िता ने मामला शनिवार को दर्ज कराया है। नवघर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
क्वारंटाइन सेंटर में कोरोना पॉजिटिव रिश्तेदार की देखभाल के लिए रुकी थी
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि मीरा रोड स्थित क्वारंटाइन सेंटर में वह कोरोना पॉजिटिव रिश्तेदार की देखभाल के लिए अपने 10 माह के बच्चे के साथ रुकी थी। अचानक रात में आरोपित ने गरम पानी देने के बहाने कमरे में आना-जाना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने दुष्कर्म किया।
तीन बार दुष्कर्म किया
विरोध करने पर आरोपित ने उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। इस तरह से जून के पहले सप्ताह में उसने तीन बार दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता ने डर के चलते अपना मुंह बंद रखा। शनिवार को उसने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी।