जाम से परेशान युवक ने पांच लोगों को मारा चाकू, लोगों ने पुलिस पर किया पथराव
सूरत में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जाम में फंसे एक कार चालक ने रविवार को अपना आपा खो दिया। वह कार से उतरा और लोगों पर ताबड़तोड़ चाकू चला दिया।
सूरत, प्रेट्र। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जाम में फंसे एक कार चालक ने रविवार को अपना आपा खो दिया। वह कार से उतरा और लोगों पर ताबड़तोड़ चाकू चलाना शुरू कर दिया। हमले में घायल पांच लोगों में एक ने बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कार चालक चैतन्य रावल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सूरत के सायन टावर के पास गणेश विसर्जन का जुलूस निकल रहा था। इससे सड़क पर जाम लग गया। कार निकालने को लेकर चालक रावल की जुलूस में शामिल कुछ लोगों से बहस हो गई। मामला बढ़ने पर रावल ने लोगों पर ताबड़तोड़ चाकू चलाना शुरू कर दिया।
पुलिस ने पांचों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान एक घायल धवन पटेल की मौत हो गई। पुलिस ने रावल को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया और सायन थाने ले गई।
इस दौरान थाने के बाहर भीड़ जमा हो गई और हंगामा करते हुए आरोपित को सौंपने की मांग की। सूरत रेंज के आइजी राजकुमार पांडियन ने कहा कि गुस्साए लोगों ने आरोपित की कार को आग लगा दी और पुलिस पर भी पथराव किया।