रोहिंग्या मुद्दे पर ममता बनर्जी ने साधी चुप्पी, पशोपेश में नौकरशाह
वर्तमान में बंगाल की विभिन्न जेलों में 230 रोहिंग्या मुसलमान कैद हैं।
कोलकाता (जेएनएन)। रोहिंग्या मुसलमानों के मसले पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी से बंगाल सरकार के नौकरशाह पशोपेश में हैं। वे समझ नहीं पा रहे कि केंद्र सरकार से इस बाबत मांगी जा रही रिपोर्ट पर क्या जवाब दे। राज्य सचिवालय नवान्न के सूत्रों के मुताबिक नौकरशाहों को मुख्यमंत्री से अब तक कोई संकेत नहीं मिला है कि इस मामले पर केंद्र को कोई प्रतिक्रिया भेजनी है या नहीं।
एक वरिष्ठ नौकरशाह ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया-'केंद्र सरकार की तरफ से एक महीने पहले बंगाल की विभिन्न जेलों में कैद रोहिंग्या मुसलमानों के बारे में रिपोर्ट मांगी गई थी। केंद्र को इसका कोई जबाव देना है कि नहीं, इस पर मुख्यमंत्री से अब तक कोई संकेत नहीं मिला है। जब तक कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिलेगा, तब तक हम कोई कदम नहीं उठा पाएंगे।'
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वर्तमान में बंगाल की विभिन्न जेलों में 230 रोहिंग्या मुसलमान कैद हैं। इसके अलावा 44 विभिन्न कल्याण गृहों में रह रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने नौकरशाहों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि बिना उनकी अनुमति के केंद्र को इस बारे में कोई भी सूचना उपलब्ध न कराई जाए।
यह भी पढ़ें: रोहिंग्या पर किया वीडियो पोस्ट, छिन गया मिस म्यांमार का ताज
यह भी पढ़ें: राष्ट्र हित में लिया रोहिंग्या को वापस भेजने का फैसला - सरकार