विधानसभा के बाहर गूंजा, पंकजा पंकजा, यस पापा..
महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर विरोधी दलों ने अंग्रेजी कविताओं की पैरोडी गाकर उन भाजपाई मंत्रियों की खिल्ली उड़ाई, जिनपर पिछले दिनों भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। महाराष्ट्र विधानमंडल का पावस सत्र सोमवार से शुरू हुआ। जैसी कि उम्मीद की जा रही थी, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने विधानभवन
मुंबई, राज्य ब्यूरो। महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर विरोधी दलों ने अंग्रेजी कविताओं की पैरोडी गाकर उन भाजपाई मंत्रियों की खिल्ली उड़ाई, जिनपर पिछले दिनों भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। महाराष्ट्र विधानमंडल का पावस सत्र सोमवार से शुरू हुआ।
जैसी कि उम्मीद की जा रही थी, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने विधानभवन की सीढि़यों पर सुबह ही धरना शुरू कर दिया। उनके हाथों में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे भाजपाई मंत्रियों के विरुद्ध पोस्टर लहरा रहे थे। सभी विधायक एक सुर से एक अंग्रेजी कविता की पैरोडी गा रहे थे-
'पंकजा पंकजा, यस पापा
ईटिंग चिक्की, यस पापा।
तावड़े तावड़े, यस पापा,
बोगस डिग्री, यस पापा।
लोणीकर लोणीकर, यस पापा
दोन दोन बायका (पत्नी), हा हा हा।'
इस प्रकार की और भी कई पैरोडियां विरोधी दल के विधायक काफी देर तक गाते रहे। बता दें कि राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे पर राज्य की आंगनवाडि़यों के लिए चिक्की (गुड़ की पपड़ी) सहित कुछ और वस्तुओं की खरीदी में घालमेल का आरोप लग रहा है। इसी प्रकार शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े पर विपक्ष फर्जी डिग्री रखने एवं एक अन्य मंत्री लोणीकर पर दो पत्िनयां रखने का आरोप लगा रहा है। माना जा रहा है कि आठ महीने पुरानी देवेंद्र फड़नवीस सरकार को पावस सत्र के दौरान इन सभी आरोपों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
इसके अलावा विपक्ष विधानमंडल के दोनों सदनों में किसानों के मुद्दे भी जोर-शोर से उठाने की तैयारी में है। उसका कहना है कि 2008 में तत्कालीन कांग्रेसनीत केंद्र सरकार ने किसानों को कर्ज माफी का तोहफा दिया था। लेकिन अब केंद्र एवं राज्य में भाजपानीत सरकारों के कार्यकाल में किसानों की आत्महत्याएं रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।