ओमिक्रोन वैरिएंट को लेकर महाराष्ट्र सतर्क, मुंबई, पुणे और नासिक में अभी नहीं खुलेंगे स्कूल
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन ने चिंता बढ़ा दी है। इस बीच मुंबई में कक्षा 1 से 7 तक के स्कूलों की रीओपनिंग 15 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है। पुणे और नासिक में स्कूलों को खोलने की योजना स्थगित कर दी गई है।
मुंबई, एजेंसियां। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन ने चिंता बढ़ा दी है। इस बीच मुंबई में कक्षा 1 से 7 तक के स्कूलों की रीओपनिंग 15 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने यह जानकारी दी है। इससे पहले कक्षा 1 से 7 के लिए स्कूल 1 दिसंबर से फिर से खुलने वाले थे। वहीं कक्षा 8 से 12 के लिए स्कूल पहले 4 अक्टूबर को रीओपेन हो गए थे। ओमिक्रोन वैरिएंट (बी 1.1.529) पहली बार 11 नवंबर, 2021 को बोत्सवाना में रिपोर्ट किया गया। 14 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में भी इसका मामला सामने आया। अब कई अन्य देशों में इसके मामले सामन आ गए हैं। इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा वैरिएंट आफ कंसर्न घोषित किया गया है।
पुणे में भी अभी नहीं खुलेंगे स्कूल
पुणे में भी कक्षा 1 से 7 तक के स्कूलों की रीओपनिंग 15 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है। पुणे नगर निगम ने इसकी जनाकारी दी है। निगम ने मंगलवार को एक आधिकारिक आदेश में बताया कि स्कूलों को फिर से खोलने पर आगे के फैसले 15 दिसंबर के बाद की स्थिति की समीक्षा के बाद लिए जाएंगे। इससे पहले राज्य सरकार ने 1 दिसंबर से स्कूलों को फिर से खोलने की घोषणा की थी।
नासिक में 10 दिनों तक नहीं खुलेंगे स्कूल
नासिक पिछले दो वर्षों में महामारी से बुरी तरह प्रभावित शहरों में से एक रहा है। ऐसे में यहां भी स्कूलों को फिर से खोलने की योजना को 10 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है। नासिक नगर निगम ने इसकी जानकारी दी है। हालांकि, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में सभी स्कूलों के 1 दिसंबर से फिर से खुलने की संभावना है। समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में कक्षा 1 से 5 तक और शहरी क्षेत्रों में 1-7 के लिए कोविड प्रोटोकाल के साथ खुल सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीका से लगभग 100 लोग मुंबई और आसपास के शहरों में आए
मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने सोमवार को बताया कि मुंबई में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन का कोई मामला सामने नहीं आया है और महामारी को रोकने के लिए अधिकारियों को सतर्क किया है। समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए, पेडनेकर ने कहा कि मुंबई में एक भी मरीज ऐसा नहीं है जो ओमिक्रोन वायरस से संक्रमित हो। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लगभग 100 लोग मुंबई और आसपास के शहरों में आए हैं। उनमें से एक कोरोना से संक्रमित। उसके मेडिकल रिपोर्ट की जांच की जा रही है।