टीका उत्सव के लिए मध्य प्रदेश भी तैयार, 80 फीसद लोगों को टीका लगाए जाने का अनुमान
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि टीका उत्सव के दौरान लक्ष्य के 80 फीसद लोगों को टीका लगाने का अनुमान है। प्रदेश में 54 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। यह आंकड़ा लक्ष्य से दूर है।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। चार दिवसीय टीका उत्सव के लिए प्रदेश में तैयारियां पूरी हैं। रविवार को ज्योतिबा फुले जयंती से टीका उत्सव शुरू होगा, जो 14 अप्रैल डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए अधिकारियों को तैयारी करने को कहा है। उन्होंने कहा कि कठिन हालातों में संक्रमण से बचाव में जुटे कोरोना वारियर्स का सम्मान किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि टीका उत्सव के दौरान लक्ष्य के 80 फीसद लोगों को टीका लगाने का अनुमान है। प्रदेश में 54 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। यह आंकड़ा लक्ष्य से दूर है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में से 33 तो 45 वर्ष से अधिक आयु के 14 फीसद लोगों का ही टीकाकरण किया गया है। भोपाल में 40 तो इंदौर में 30 फीसद से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
सुलेमान ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक की प्रदेश की अनुमानित जनसंख्या 71 लाख 62 हजार में से 23 लाख 47 हजार 738 को और 45 से 60 वर्ष की आयु के एक करोड़ 18 लाख दो हजार 986 जनसंख्या में से 16 लाख 32 हजार 473 लोगों को पहली खुराक दे दी गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवा प्रदाता और मैदानी कार्यकर्ताओं को भी टीका लगाया गया है। यह संख्या अलग है।