तमिलनाडु: रामेश्वरम में ऑटो वालों को नहीं मिल रही सवारियां, गुजर बसर करने में हो रही परेशानी
तमिलनाडु के ऑटो ड्राइवरों क कहना है कि उन्हें अपने जीवन बसर करने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रामेश्वरम, एएनआइ। लॉकडाउन के चौथे चरण में पहुंचने के साथ जहां कुछ राज्यों में लॉकडाउन प्रतिबंधों को कम कर बसों का संचालन शुरु किया गया हैं। वहीं, तमिलनाडु में ऑटो रिक्शा चलाने वालों को कमाई करने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें पूरे दिन इंतजार करके मुश्किल से एक सवारी मिलती है। रामेश्वरम में ऑटो चालकों को अभी भी जीवित रहना मुश्किल हो रहा है। ऑटो चालकों का दावा है कि लॉकडाउन के दौरान उन्हें यात्रियों को खोजने में कठिनाई हो रही है। एक ऑटो चालक रमेश ने कहा कि लॉकडाउन के कारण कोई पर्यटक नहीं हैं। स्थानीय यात्री भी नहीं हैं, इसलिए हमारे लिए कोई कमाई नहीं है।
नए कोरोना वायरस (COVID-19) दिशानिर्देशों के अनुसार, राज्य सरकार ने शुक्रवार को ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा और साइकिल-रिक्शा को केवल एक यात्री के साथ सड़कों पर चलने की अनुमति दे दी है। सरकार ने सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ऑटो और साइकिल रिक्शा की सेवाओं की अनुमति दी है। यह निर्देश चेन्नई और कंटेनमेंट क्षेत्र पर लागू नहीं होता है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को कहा कि वाहनों को दिन में तीन बार सैनिटाइज किया जाना अनिवार्य है।
जानकारी के लिए बता दें कि दे में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। कोरोना वायरस के एक्टिव केस 69597 हैं। कुल मामलों में से अब तक 51783 संक्रमित लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, देश में कोरोना वायरस के कारण 3720 लोगों की मौत हो चुकी है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने फिलहाल, लॉकडाउन की अवधी को फिलहाल, 31 मई तक के लिए बढ़ा दिया है। हालांकि, इस बार सरकार ने राज्य सरकारों को कुछ छूट देने की अनुमति दे दी है।