Lockdown Extension: लॉकडाउन बढ़े या नहीं, कैबिनेट सचिव ने की सभी राज्यों के साथ अहम चर्चा
Lockdown Extension देश में लॉकडाउन को आगे बढ़ाए या नहीं इसको लेकर कैबिनेट सेक्रेटरी ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों प्रमुख स्वास्थ्य सचिवों के साथ एक बैठक कर चर्चा की।
नई दिल्ली, एएनआइ/आइएएनएस। Lockdown Extension, लॉकडाउन 4.0 की अवधि खत्म होने में अब बस तीन दिन का समय बचा है। इस बीच आज कैबिनेट सेक्रेटरी राजीव गौबा ने देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और प्रमुख स्वास्थ्य सचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाए या नहीं इसको लेकर चर्चा की गई। यह मीटिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि लॉकडाउन 4.0, 31 मई को समाप्त हो रहा है, इस लिहाज से यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
समाचार एजेंसी आइएएनएस के मुताबिक इस बैठक में केंद्र सरकार के लिए आगे के निर्णय लेने के लिए एक रोडमैप की उम्मीद है कि क्या 60 दिनों से अधिक समय से चल रहे लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। अगर सरकार आगे इसे लागू करने की सोचती है तो लॉकडाउन 5.0 कैसा होगा और उसकी अवधि कितने दिनों की होगी इस पर भी इस बैठक में चर्चा हुई।
कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई सहित देश के 13 कोविड -19 से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों के नगर निगम आयुक्तों और जिला मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। यह बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि इन 13 शहरों को कोरोना वायरस प्रभावित स्थान माना जाता है और यहां देश के 70% कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने COVID-19 को लेकर 'पब्लिक हेल्थ रिस्पांस' के मुद्दे पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (UT) के साथ बैठक की।
इस बैठक में COVID-19 मामलों के प्रबंधन के लिए अधिकारियों और नगर निगमों के कर्मचारियों द्वारा किए गए उपायों की समीक्षा की गई। केंद्र सरकार पहले ही शहरी बस्तियों में COVID-19 के प्रबंधन पर दिशानिर्देश जारी कर चुकी है।
गौरतलब है कि 24 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा COVID-19 के प्रसार को रोकने के लिए प्रतिबंधों की घोषणा के बाद देश भर में लॉकडाउन लागू कर दिया गया था।