मुस्लिम लड़कियों का स्कूल छोड़ना 72 फीसद से अधिक बढ़ा, सरकार ने जताई चिंता
कांग्रेस की खिंचाई करते हुए उन्होंने कहा कि 'भ्रष्टाचार के चैम्पियन' को विश्वास और विकास का यह माहौल हजम नहीं हो रहा है।
मुंबई, पीटीआइ। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि सरकार के लिए यह चिंता की बात है कि मुसलमान लड़कियों के स्कूल छोड़ने का प्रतिशत बढ़कर 72 फीसद से अधिक हो गया है। हालात को बदलने के लिए (नरेंद्र) मोदी सरकार मुस्लिम लड़कियों के शिक्षा सशक्तीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को महाराष्ट्र भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के आयोजित कार्यक्रम में कहा कि मुस्लिम लड़कियों के स्कूल छोड़ने की बड़ी तादाद वाकई चिंताजनक है। सरकार ने इसीलिए मुस्लिम लड़कियों की पढ़ाई के लिए योजना शुरू की है, जिससे अल्पसंख्यकों के बीच शिक्षा को लेकर जागरूकता जागी है।
कांग्रेस की खिंचाई करते हुए उन्होंने कहा कि 'भ्रष्टाचार के चैम्पियन' को विश्वास और विकास का यह माहौल हजम नहीं हो रहा है। कांग्रेस ऐसे लोगों को बढ़ावा दे रही है जो मोदी सरकार के बनाए प्रगति और समृद्धि के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
नकवी ने यह भी कहा कि अल्पसंख्यकों के बीच साक्षरता की दर, विशेषकर मुसलमानों में, राष्ट्रीय औसत साक्षरता दर से भी काफी नीचे है। यह भी बड़ी चिंता की बात है। हमारी सरकार ने इस खाई को पाटने के लिए अल्पसंख्यकों में शैक्षणिक सशक्तीकरण के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है।