Manipur Landslide Update: मणिपुर में आर्मी कैंप के पास भूस्खलन के कारण 20 लोगों की मौत, लापता लोगों की तलाश जारी
Manipur Landslide Latest News Update मणिपुर में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में अब तक 13 प्रादेशिक सेना के जवानों और 5 नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। लेकिन अभी भी 45 लोग लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
नोनी, प्रेट्र। मणिपुर में भूस्खलन से प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) के 15 जवानों और 5 नागरिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं इसके अलावा 15 प्रादेशिक सेना के जवान और 29 नागरिक लापता हैं। यह भयानक हादसा बुधवार रात नोनी जिले के तुपुल यार्ड रेलवे कंस्ट्रक्शन कैंप के पास हुआ था। बता दें कि मलबे में अनेकों लोग फंसे हुए हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF की टीम पूरी तरह से जुटी है। अब तक 13 प्रादेशिक सेना के जवानों और 5 नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
मणिपुर में भूस्खलन से हुए भयानक हादसे में अभी तक जान-माल का बड़ा नुकसान हो चुका है। फंसे लोगों को बाहर सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं अधिकारियों ने कहा है कि अब तक 15 प्रादेशिक सेना के जवानों और 5 नागरिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसके अलावा, 15 लापता प्रादेशिक सेना के जवानों और 29 नागरिकों की तलाश की जा रही है।
खराब मौसम के बीच असम राइफल्स और प्रादेशिक सेना की टुकड़ियो द्वारा पूरे दिन राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। बता दें कि बचावअभियान रात में भी जारी रहेगा। घटना का जायजा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बातचीत की। इस भीषण घटना से उभरने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने शुक्रवार को बड़ी घोषणा की। उन्होंने मृतको के परिजनों को पांच-पांच लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीएम बिरेन सिंह से फोन पर बातचीत की। पीएम ने भूस्खलन से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सीएम बिरेन सिंह से केंद्र से हर संभव मदद देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके अलावा, राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने भी इस भीषण घटना पर शोक व्यक्त किया है।