COVID-19 : जानें किन देशों में फिर लगा लॉकडाउन, खतरनाक दहलीज पर खड़ा भारत, वैक्सीनेशन में कहां खड़े हैं हम
अमेरिका में 15 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज दी जा चुकी है। वैक्सीनेशन के मामले में वह पहले नंबर पर है। हालांकि कोरोना वायरस के प्रसार के मामले में भी वह दुनिया का अग्रणी राष्ट्र बना हुआ है। चीन में 11 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लगाई गई है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। Second wave of corona virus : देश-दुनिया में कोरोना वायरस की दूसरी लहर पहले से ज्यादा खतरनाक और तेजी से फैल रहा है। अगर देश में तीन महीनों को आंकड़ों को देखा जाए तो काफी कुछ तस्वीर साफ हो जाएगी। देश में 10 जनवरी, 2021 को 18 हजार से ज्यादा मामले आए थे। फरवरी में थोड़ी राहत महसूस हुई, कोरोना का संक्रमण कुछ कम होना शुरू हुआ, लेकिन मार्च में कोरोना वायरस ने तेजी से पांव फैलाया। मार्च के महीने में आंकड़ों को देखा जाए तो 10 मार्च को 17 हजार 20 मार्च को 40 हजार और 1 अप्रैल को यह बढ़कर 72 हजार के पार कर गया।
किन देशों में लगा फिर लॉकडाउन
इस बार कोरोना की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। ब्रिटेन के कुछ शहरों में लॉकडाउन लग गया है। इसके अलावा बेल्जियम में तीसरी बार लॉकडाउन की जरूरत महसूस हो रही है। इटली में तीन बार लॉकडाउन लगाया जा चुका है। चिली में भी लॉकडाउन है। भारत में जिस गति से कोरोना का प्रसार हो रहा है, उससे भारत के सामने भी कोई विकल्प नहीं होगा। 1 अप्रैल को भारत में कोरोना वायरस के 72 हजार से ज्यादा मामले समाने आए हैं। 24 घंटों में 459 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले तीन महीने में ही भारत में कोरोना संक्रमण के प्रसार की दर में चार गुना की वृद्धि हुई है।
वैक्सीनेशन में तीसरे नंबर पर भारत, अमेरिका बना अग्रणी राष्ट्र
- भारत सरकार ने वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को तेज करने का प्रयास किया है। सभी राज्यों को साप्ताहिक अवकाश और सार्वजनिक अवकाश के दिन भी वैक्सीनेशन जारी रखने के सख्त निर्देश हैं। इतना ही नहीं एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगाए जाने की शुरुआत हो गई है। यानी अगर आपकी उम्र 1 जनवरी 1977 से पहले हुआ तो आप वैक्सीन लगवा सकते हैं। भारत में 16 जनवरी को वैक्सीन लगाए जाने की शुरुआत हुई थी। कुल वैक्सीन डोज के हिसाब से देखें तो भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर है।
- अमेरिका में 15 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज दी जा चुकी है। वैक्सीनेशन के मामले में वह पहले नंबर पर है। हालांकि कोरोना वायरस के प्रसार के मामले में भी वह दुनिया का अग्रणी राष्ट्र बना हुआ है। चीन में 11 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लगाई गई है। भारत में अब तक 6 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। भारत के लिए खास बात यह है कि मानवता के नाते उसने वैक्सीन की एक बड़ी खेप दुनिया के अन्य मुल्कों खासकर अपने पड़ोसी और मित्र राष्ट्रों को भेजी है।
- अगर देश की जनसंख्या के लिहाज से देखा जाए तो दुनिया में ये देश अग्रणी है। जनसंख्या के लिहाज से इजरायल नंबर वन पर बना हुआ है। इजरायल में 60 फीसद जनसंख्या को वैक्सीन का टीका लग चुका है। दूसरे स्थान पर ब्रिटेन है। ब्रिटेन में 45 फीसद जनसंख्या को वैक्सीन की डोज लग चुकी है। इस लिहाज से तीसरे स्थान पर चिली है। चिली में 35 फीसद आबादी को वैक्सीन लगाई गई है।
- भारत में कुल जनसंख्या की केवल चार फीसद आबादी को ही वैक्सीन की एक डोज लगाई गई है। भारत में एक अप्रैल से 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए वैक्सीन लगाए जाने की शुरुआत हुई है। अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई, चीन, कनाडा, इजरायल और सऊदी अरब समेत 14 देशों में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग वैक्सीन लगा रहे हैं।