Move to Jagran APP

जानिए- देश का किसान खूब मेहनत करता है फिर भी आखिर गरीब क्यों है?

कृषि सुधार कानून वापस हो गए हैं तो क्या हुआ? अब समय है कि कृषि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए नए सिरे से विचार किया जाए। देश को एक सुदृढ़ कृषि नीति की आवश्यकता है। जिस पर सब अमल कर सकें।

By Sanjay PokhriyalEdited By: Published: Mon, 20 Dec 2021 11:06 AM (IST)Updated: Mon, 20 Dec 2021 11:06 AM (IST)
जानिए- देश का किसान खूब मेहनत करता है फिर भी आखिर गरीब क्यों है?
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली-पानी की सुदृढ़ व्यवस्था और अच्छी सड़कें भी बहुत जरूरी हैं।

अनिल घनवट। देश का किसान मेहनत करता है फिर भी गरीब क्यों है? दरअसल स्वतंत्रता के बाद से ही देश में कृषि उत्पादों को कम कीमत पर ही उपलब्ध कराने की नीति रही है। सरकारें बदलती गईं, लेकिन किसानों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। किसान कर्ज में दबते गए। कृषि उपज की अंतरराज्यीय बिक्री पर रोक लगा दी गई। कीमत और भंडारण से लेकर कई ऐसे कानून बने, जिनसे किसानों के लिए स्थिति जटिल होती गई। मंडी कानून भी किसानों को लूटने का माध्यम बन गया।

loksabha election banner

नए कृषि कानून इन समस्याओं को हल करने में सक्षम हो सकते थे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। अब हमें आगे की राह देखनी होगी। हमें समझना होगा कि अब पूरा विश्व एक बाजार होता जा रहा है। किसी भी देश में कहीं से भी अनाज, फल, सब्जी खरीदना-बेचना संभव है। भारत के किसानों को दुनिया के किसानों से मुकाबला करना है तो जो तकनीक, बीज दूसरे देश के किसान इस्तेमाल करते हैं, उनकी उपलब्धता भारत के किसानों तक भी होनी चाहिए।

इसी तरह खेती की जमीन को लेकर लगी कई तरह की पाबंदियां भी खत्म करने की जरूरत है। खेती की जमीनें खरीदने-बेचने के नियमों में बदलाव होना चाहिए, जिससे कृषि अपनाना और छोड़ना, दोनों ही आसान हो सके। इससे कृषि क्षेत्र को आकर्षक बनाना संभव होगा।

एक अनुमान के मुताबिक, देश में फल-सब्जियों का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा खराब हो जाता है। जल्दी खराब होने वाली उपज के भंडारण की सुदृढ़ व्यवस्था नहीं होने से ऐसा होता है। गोदाम और कोल्ड स्टोरेज की विधिवत व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिक उत्पादित उपज किसान फेंकने के लिए बाध्य होते हैं। इस संबंध में सही नीति बने तो निवेश की राह भी आसान हो। विदेशी कंपनी के निवेश के साथ ही तकनीक भी आती है। गांवों में पैदा होने वाली उपज का वहीं भंडारण और प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) होने लगे, तो बड़े पैमाने पर वहां रोजगार के अवसर भी बनेंगे। शहरों की ओर युवाओं का पलायन भी कम होगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली-पानी की सुदृढ़ व्यवस्था और अच्छी सड़कें भी बहुत जरूरी हैं। इससे बाजार तक किसानों की पहुंच सुगम होती है। इससे उन्हें उत्पादों की सही कीमत मिल पाती है। इन सब मसलों पर कदम उठाए जाएं तो कुछ ही साल में कृषि का नक्शा बदल सकता है। अन्नदाता खुशहाल हो सकते हैं।

[अध्यक्ष-शेतकारी संगठन]


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.