बीते एक दशक में नक्सलियों ने कई बड़े हमलों को दिया है अंजाम, डालें एक नजर
नक्सलियों ने पिछले एक दशक में कई बड़े हमलों को अंजाम दिया है। इसमें 2013 का वह हमला भी शामिल है जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री समेत कांग्रेस के बड़े नेता मारे गए थे।
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों ने बुधवार को पुलिस के सी-60 कमांडो के वाहन को आइईडी विस्फोट कर उड़ा दिया। इस हमले में वाहन में सवार 15 जवान शहीद हो गए। इसके अलावा वाहन चालक भी हमले में मारा गया है। यह जिला छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से सटा हुआ है। यहां पर मंगलवार रात को भी नक्सलियों ने इसी इलाके में सड़क निर्माण में लगे 27 वाहनों को जला दिया था। यह नक्सलियों द्ववारा इस वर्ष किया गया दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले 9 अप्रैल 2019 को नक्सलियों ने हमला कर चार लोगों को मार डाला था। मरने वालों में एक भाजपा विधायक भी शामिल था। नक्सली हमले की बात करें तो पिछले वर्ष नक्सलियों के अलग अलग जगह 21 हमले हुए थे जिसमें 95 लोग मारे गए थे और 20 के करीब लोग जख्मी हुए थे। आईए एक नजर पिछले वर्ष हुए कुछ नक्सली हमलों पर डाल लेते हैं।
- 2 जनवरी - गया और औरंगाबाद के बीच चकरबंधा में नक्सलियों ने सीआरपीएफ के एक जवान की हत्या कर दी थी।
- 20 जनवरी - छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों द्ववारा किए गए आईईडी धमाके में एक जवान घायल हो गया था।
- 24 जनवरी - नायनपुर जिले में नक्सली हमले के बाद चली जवानों से मुठभेड़ में चार जवान समेत 11 लोगों की मौत हो गई थी।
- 18 फरवरी - छत्तीसगढ़ के सुकमा में पुलिस के जवानों पर किए हमले में आठ लोग मारे गए थे।
- 25 फरवरी - बीजापुर में हुए नक्सली हमले में छत्तीसगढ़ के सशस्त्र पुलिस के दो जवान जिसमें एक प्लाटून कमांडर शामिल था घायल हो गया था।
- 26 फरवरी - दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।
- 6 मार्च - कांकेर में नक्सलियों हमले के बाद हुई सुरक्षाकर्मियों से मुठभेड़ में दो बीएसएफ जवान शहीद हो गए थे।इसी दिन नक्सलियों ने पूर्व पुलिस अधिकारी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी और बस्तर में तीन बसों में आग लगा दी थी।
- 13 मार्च - सुकमा में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी धमाके में सीआरपीएफ के 9 जवान शहीद हो गए थे।
- 26 मार्च - नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी धमाके में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया था। यह धमाका सुकमा में किया गया था।
- 9 अप्रैल - छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने बम धमाका कर दो पुलिसकर्मियों समेत सात लोगों की हत्या कर दी थी।
- 6 मई - छत्तीसगढ़ के राजनादगांव में नक्सलियों ने एक पुलिसकर्मी समेत दो की हत्या कर दी थी।
- 20 मई - दंतेवाड़ा में किए गए नक्सलियों के बम धमाके में छह पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।
- 26 मई- बक्सर में नक्सलियों ने पुलिस के खबरी होने के शक में हमला कर दो लोगों की हत्या कर दी थी
नक्सलियों द्वारा किए गए बड़े हमले
- 1 फरवरी 2017- नक्सलियों के लैंड माइन धमाके में आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। यह हमला कोरापुट इलाके में किया गया था, जो ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से 550 किमी दूर है।
- 11 मार्च 2017 - छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले में 11 कमांडो शहीद हो गए थे। 25 मई
- 11 मार्च 2014 -घीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में 15 जवान शहीद हो गए थे
- 2013 में नक्सलियों द्वारा छत्तीसगढ़ के सुकमा में किए गए हमले में 27 लोग मारे गए थे। मरने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री समेत दूसरे नेता भी शामिल थे।
- 2012 में लैंडमाइन के जरिए किए गए नक्सली हमले में 13 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थ। यह हमला गरवाह जिले में किया गया था।
- 2011 में नक्सलियों ने एक पुल को धमाके से उड़ा कर नौ लोगों की हत्या कर दी थी। इसके अलावा गरियाबंद में हुए नक्सली हमले में दस पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।
- 2010 में नक्सलियों के हमले में 76 जवान शहीद हो गए थे, जिसमें सीआरपीएफ के जवान समेत राज्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। नक्सलियों ने यह हमला दंतेवाड़ा में जवानों के काफिले को निशाना बनाकर किया था। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के स्लिदा में भी नक्सलियों के हमले में 24 जवान शहीद हो गए थे। इसी वर्ष अक्टूबर में नक्सलियों ने आईटीबीपी के की जीप को धमाके से उड़ा दिया था जिसमें 3 जवान शहीद हो गए थे।
- 27 मार्च 2009 को गढ़चिरौली में हुए नक्सली हमले में 15 सीआरपीएफ के जवान शहीद हो गए थे।
- 2007 में हुए नक्सली हमले में 55 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।