संक्रमण की चपेट में केरल के राज्यपाल, ट्वीट कर दी जानकारी
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कोविड-19 का टेस्ट कराया जिसमें वे संक्रमित पाए गए हैं। यह जानकारी उन्होंने ट्वीट के जरिए दिया है। साथ ही आग्रह भी किया कि जो भी पिछले सप्ताह उनके संपर्क में आए वे सब अपना टेस्ट करा लें।
तिरुअनतंपुरम, प्रेट्र। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान (Kerala Governor Arif Mohammed Khan) घातक कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। दुनिया भर में फैली महामारी कोविड-19 (COVID-19) के लिए कराए गए टेस्ट में शनिवार को उनके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी।
उन्होंने लिखा, ' मेरे कोविड-19 टेस्ट के रिजल्ट में पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। लेकिन इसमें चिंता का कारण नहीं हैं। पिछले सप्ताह नई दिल्ली में जो भी मेरे संपर्क में आए थे उन सभी से मेरा आग्रह है कि एहतियात के तौर पर वे सब टेस्ट कराएं।' राज्यपाल शुक्रवार सुबह ही नई दिल्ली से वापस लौटे और शनिवार को अपना टेस्ट कराया। यह जानकारी राजभवन के सूत्रों ने दी है।
अभी केरल में कुल 83 हजार 3 सौ 24 सक्रिय मामले हैं वहीं 3 लाख 88 हजार 5 सौ 4 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। इसके अलावा कोविड-19 संक्रमण के कारण 1640 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को केरल में कोविड-19 संक्रमण के 6,820 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 4,55,467 हो गई। वहीं 7,669 लोग संक्रमण से स्वस्थ हुए हैं और अब तक स्वस्थ हो चुके कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3,80,650 हो गया है।
भारत में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 50 हजार 3 सौ 57 मामले सामने आए। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान 577 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद अब तक देश में संक्रमण के कारण हुए मौतों का आंकड़ा 1 लाख 25 हजार 5 सौ 62 हो चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों (Union Ministry of Health and Family Welfare's data) के अनुसार, अब तक देश में कुल संक्रमितों की संख्या 84 लाख 62 हजार 81 हो गई है। बीते 24 घंटों में 53 हजार 9 सौ 20 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं।