केरल: पून्थुरा में लॉकडाउन दिशानिर्देशों का पालन कराने के लिए तैनात सशस्त्र पुलिस के 25 कमांडो
केरल के पून्थुरा में लॉकडाउन दिशानिर्देशों का पालन कराने के लिए सशस्त्र पुलिस के 25 कमांडो तैनात किए गए हैं।
पून्थुरा, एएनआइ। केरल के पून्थुरा में लॉकडाउन दिशानिर्देशों को लागू कराने के लिए सशस्त्र पुलिस (एसएपी) के 25 कमांडो तैनात किए गए हैं। केरल के DGP कहते हैं, तटरक्षक, तटीय सुरक्षा और समुद्री प्रवर्तन के लिए भी कमांडो को तैनात किया गया है। मछली पकड़ने वाली नौकाओं को तमिलनाडु से लौटने या वापस जाने से रोकने के लिए यहां पहरा दिया गया है।
बीत दिन राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कोरोना वायरस की स्थिति पर जानकारी देते हुए कहा, केरल में लॉकडाउन के बाद विदेश या दूसरे राज्यों से आए अब तक लगभग 2400 लोग कोरोना वायरस (COVID-19) से संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में अब तक कुल 4,99,529 लौटे हैं। इनमें से 2,384 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से विदेश से आए 1,489 लोग और अन्य राज्यों से लौटे 895 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
विजयन ने कहा था कि मलप्पुरम जिले में सबसे ज्यादा मामले सामने आए। इसके बाद पलक्कड़ जिले में और कन्नूर जिले में मामलों की पुष्टि हुई। वायनाड और इडुक्की जिलों में सबसे कम मामले बताए गए। अन्य राज्यों से लौटे प्रति हजार लोगों में से 2.84 फीसद लोग संक्रमित पाए गए। वहीं विदेश से लौटे प्रति हजार लोगों में यह आंकड़ा 8.02 फीसद बताया। सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस महाराष्ट्र से आए, उसके बाद तमिलनाडु से और फिर दिल्ली से केस सामने आए।
विजयन ने बताया था कि पड़ोसी राज्यों से केरल में सबसे अधिक लोग आए, तमिलनाडु से 97,570 (31.06%) लोग और कर्नाटक से 88,031 (28.02%) लोग, जबकि महाराष्ट्र से 47,970 (15.27%) लोग आए। 74.35% लोग केवल इन तीन राज्यों से आए हैं।
केरल में फिलहाल 6196 मामले अब तक सामने आ चुके हैं। इनमें 2604 सक्रिय मामले हैं तो 3560 को ठीक किया जा चुका है। यहां 28 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश का हाल
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस (COVID-19) के 24,879 मामले सामने आ गए हैं और 487 लोगों की मौत हो गई है। देश में अब तक कुल 7,67,296 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 2,69,789 एक्टिव केस है और 4,76,378 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं 21,129 लोगों की मौत हो गई है। अब तक 62.08 फीसद मरीज ठीक हो गए हैं।