जेपी नड्डा बोले- बाढ़ और बारिश से प्रभावितों की मदद करें गोवा के भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पणजी में भाजपा के संसद सदस्यों और विधायकों को संबोधित किया और उनसे पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद सुनिश्चित करने को कहा।
पणजी, प्रेट्र। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पणजी में भाजपा के संसद सदस्यों और विधायकों को संबोधित किया और उनसे पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद सुनिश्चित करने को कहा। शनिवार दोपहर गोवा पहुंचने पर नड्डा का मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेट तनवडे एवं अन्य ने स्वागत किया।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा, 'अपने संबोधन में नड्डा ने नेताओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पार्टी संगठन बाढ़ से प्रभावित लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कोविड-19 टीकाकरण में राज्य सरकार की सराहना भी की।'रविवार को नड्डा सुबह 8:30 बजे मानगुएशी मंदिर में जाएंगे और सुबह 9:15 बजे कुंडइ में सदगुरु ब्रह्मोशानंदाचार्य के साथ पौधा रोपण में भाग लेंगे।
सुबह 10:30 बजे वह डान बास्को हाई स्कूल में टीकाकरण केंद्र का दौरा करेंगे। दोपहर बाद 3:15 बजे वह प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, कांग्रेस प्रवक्ता श्रीनिवास खलप ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष केवल जुमला राजनीति और झूठे वादे करेंगे।