अलनीनो के चलते गर्म रहेगा जनवरी
इस साल सर्दियों में सामान्य से ज्यादा रहने वाले तापमान के जनवरी में भी ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है। इसके चलते इस दफा यह पूरा महीना गर्म ही रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, ऐसा अलनीनो के प्रभाव के चलते होगा।
नई दिल्ली। इस साल सर्दियों में सामान्य से ज्यादा रहने वाले तापमान के जनवरी में भी ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है। इसके चलते इस दफा यह पूरा महीना गर्म ही रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, ऐसा अलनीनो के प्रभाव के चलते होगा।
रिकार्ड के मुताबिक, 2015 सबसे गर्म साल रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौर ने बताया कि इस बार सर्दियों में नंवबर और दिसंबर औसत से ज्यादा गर्म रहे और ऐसा ही मौसम जनवरी में भी बने रहने की संभावना है। उन्होंने कहा, ' जनवरी में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की उम्मीद है। इसके अलावा दिन की अवधि धीरे-धीरे बढ़ेगी, जिसके चलते विकिरण में भी बढ़ोतरी होगी, जो तापमान के स्तर पर असर डालेगा।
राठौर ने सर्दियों में तापमान बढ़ने के लिए वैश्विक कारणों के साथ क्षेत्रीय प्रभावों को भी जिम्मेदार बताया। उनके मुताबिक, 'अलनीनो के अभी भी प्रभावी रहने का असर इस साल सर्दियों पर पड़ा है। दक्षिण पश्चिम मानसून के लिए भी यही जिम्मेदार था। उन्होंने मध्य भारत में प्रति चक्रवात को भी सर्दियों के गर्म होने के लिए जिम्मेदार ठहराया। प्रति चक्रवात, चक्रवात के विपरीत होता है, जिसमें हवाएं कम दबाव के क्षेत्र में गति करती हैं।
पढ़ेंः हैरानीः पिछले 15 वर्षो के दौरान जनवरी का सबसे गरम सप्ताह