जम्मू-कश्मीर: CISF जवान ने अपने सहकर्मियों पर की फायरिंग, दो जवानों की मौत और एक घायल
इस घटना में मारे गए जवानों की पहचान सिपाही वीएन मूर्ति (28) निवासी कर्नाटक व सिपाही एम तसलीम (30) निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। जम्मू संभाग के ऊधमपुर जिले के सुई चखड़ इलाके में तैनात सीआइएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा सिक्योरिटी फोर्स) की बटालियन 251 के दो जवानों में कहासुनी हो गई। इससे नाराज एक जवान ने दो जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा कर खुद को गोली मार ली। इस घटना में दो जवानों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने घायल को जिला अस्पताल ऊधमपुर पहुंचाया। यहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैन्य अस्पताल ऊधमपुर रेफर कर दिया। इस घटना में मारे गए जवानों की पहचान सिपाही वीएन मूर्ति (28) निवासी कर्नाटक व सिपाही एम तसलीम (30) निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
सर्विस राइफल से चलाई अंधाधुंध गोलियां
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम पांच बजे बटालियन के सिपाही वीएन मूर्ति व सिपाही एम तसलीम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज सिपाही वीएन मूर्ति ने एम तसलीम पर अपनी सर्विस राइफल से अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
इसी बीच विवाद सुलझाने पहुंचा कंपनी में तैनात बारबर संजय ठाकरे (40) निवासी महाराष्ट्र को भी वीएन मूर्ति ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर खुद को भी गोली मार ली। आनन फानन में कंपनी के अन्य जवान व आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वीएन मूर्ति व एम तसलीम जमीन पर पड़े हैं, उनकी मौत हो चुकी थी। संजय ठाकरे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल ऊधमपुर पहुंचाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एमएच स्थित कमांड अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।