अगले छह महीने में 18 सेटेलाइट लांच करेगा इसरो
इसरो चेयरमैन के शिवन ने बताया कि अगले छह महीनों के दौरान हम प्रत्येक दो सप्ताह में एक सेटेलाइट अंतरिक्ष में भेजेंगे।
चेन्नई, प्रेट्र। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अगले छह महीनों के दौरान 18 सेटेलाइट लांच करेगा। बता दें कि रविवार को ही भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने ब्रिटेन के दो सेटेलाइट नोवासार और एस1-4 को सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया था। यह इसरो की कामर्शियल विंग एंट्रिक्स कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा भेजे गए हैं। ये दोनों सेटेलाइट पृथ्वी की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
इसरो चेयरमैन के शिवन ने बताया कि अगले छह महीनों के दौरान हम प्रत्येक दो सप्ताह में एक सेटेलाइट अंतरिक्ष में भेजेंगे। इस तरह से 18 सेटेलाइट को कक्षा में पहुंचाया जाएगा। इसरो से जुड़े वरिष्ठ वैज्ञानिकों के मुताबिक, छोड़े जाने वाले सेटेलाइट जीसैट-11, चंद्रयान-2 और जीएसएलवी-एम3-डी2 शामिल हैं।
सबसे पहले जीसैट-11 को छोड़ा जाएगा। यह एक मल्टी बीम संचार उपग्रह है। इसे फ्रेंच गुयाना से छोड़े जाने की संभावना है। इसके बाद चंद्रयान-2 को छोड़ा जाएगा। बता दें कि इसरो ने अक्टूबर 2008 में चंद्रयान-1 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया था। जीएसएलवी-एम3-डी2 पहला ऐसा सेटेलाइट होगा, जो अपने साथ संचार पेलोड ले जाया जाएगा।