एनसीबी ने चरस तस्करी में शामिल अंतरराष्ट्रीय रैकेट का किया भंडाफोड़, महिला समेत दो हुए गिरफ्तार
इस रैकेट में शामिल एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही एक और व्यक्ति जिसको ये माल सौंपा गया उसे भी गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के बीच से 12.5 किलोग्राम चरस जब्त की गई है।
नई दिल्ली, एएनआइ। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने भारत और नेपाल में चरस की तस्करी में शामिल एक अंतरराष्ट्रीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एक महिला को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही एक और व्यक्ति जिसको ये माल सौंपा गया उसे भी गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के बीच से 12.5 किलोग्राम चरस जब्त की गई है। यह जानकारी दिल्ली के एनसीबी कार्यालय ने दी है।
हरियाणा युवक के बैग से आठ किलो चरस बरामद
वहीं, दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कुमारसैन में मंगलवार देर शाम पुलिस ने निजी बस में सवार हरियाणा निवासी युवक को चरस की एक बड़ी खेप सहित गिरफ्तार किया है। आरोपित युवक पूह से शिमला की ओर जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि सराहन से पठानकोट जा रही निजी बस में चरस की खेप लाई जा रही है। इस पर पुलिस ने कुमारसैन में नाका लगाया तो बस सवार युवक गुरजंट सिंह निवासी गांव समाना बाहु तहसील निलोखेरी जिला करनाल हरियाणा के बैग से आठ किलो 32 ग्राम चरस बरामद की।
डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है और अब पुलिस इससे जुड़े सभी तारों को जोड़कर नशा तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़ करने में जुट गई है।