International Flights Extended: देश में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फिर लगाया गया प्रतिबंध
International Flights Extended बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच भारत में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगाया गया प्रतिबंध एक बार फिर बढ़ा दिया गया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच भारत में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगाया गया प्रतिबंध एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय (DGCA) ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 31 अगस्त तक प्रतिबंध लगाया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसके पहले अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 जुलाई तक बढ़ा दिया था। वहीं, इसके पहले डीजीसीए द्वारा उड़ानों पर प्रतिबंध 15 जुलाई तक था, जिसे 31 जुलाई किया गया और अब नए आदेश के मुताबिक देश में अंतरारष्ट्रीय उड़ानें 31 अगस्त तक प्रतिबंधित रहेंगी।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानें निलंबित होने की वजह से भारत सरकार विदेश में फंसे लोगों को स्वदेश लाने के लिए वंदे भारत मिशन अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत विदेश में फंसे लोगों को चरणबद्ध तरीके से भारत लाया जा रहा है। इसके लिए एयर इंडिया की पूरी मदद ली जा रही है।
वंदे भारत मिशन के तहत विदेश से लाया जा रहा भारतीयों को
कोरोना महामारी के दौरान विदेशों में फंसे भारतीयों की वापसी के लिए शुरू किए गए 'वंदे भारत मिशन' के तहत अब तक एयर इंडिया की 2,800 फ्लाईट्स के द्वारा तीन लाख से भी ज्यादा यात्रियों को वापस लाया जा चुका है।ट्वीट के जरिए एयर इंडिया ने कहा कि एयर इंडिया द्वारा वंदे भारत मिशन के तहत 2,800 फ्लाईट्स संचालित की गई थी, जिसके द्वारा तीन लाख 80 हजार लोगों को अपने देश वापस लाया गया है।
बता दें कि कोरोना संक्रमण के कारण लगे प्रतिबंधों के चलते विभिन्न देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए 'वंदे भारत मिशन' के पांचवें फेज की शुरूआत एक अगस्त से की जाएगी।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण भारत ने 23 मार्च से अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर पाबंदी लगा रखी है। देश में 25 मई से घरेलू उड़ानें शुरू कर दी गई हैं। 21 मई को इसके लिए विस्तार से दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।