कुख्यात विकास दुबे की गिरफ्तारी से कठघरे में कई राज्यों का खुफिया नेटवर्क, कैसेे पुलिस की आंखों में झोंकी धूल
विकास दुबे की कई राज्यों की पुलिस द्वारा तलाश के बीच उसके उज्जैन महाकाल मंदिर तक बेरोकटोक पहुंच जाने से खुफिया नेटवर्क कठघरे में है।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। यूपी के कानपुर में आठ पुलिस कर्मियों की हत्या में शामिल कुख्यात विकास दुबे की कई राज्यों की पुलिस द्वारा तलाश के बीच उसके उज्जैन महाकाल मंदिर तक बेरोकटोक पहुंच जाने से खुफिया नेटवर्क कठघरे में है। एक दिन पहले जिस अपराधी की लोकेशन हरियाणा के फरीदाबाद और उप्र के नोएडा में मिलने का दावा किया गया, वह इतनी जल्दी उज्जैन कैसे पहुंच गया। क्या रास्ते में कहीं जांच नहीं की गई या वह हर मोड़ पर पुलिस की आंखों में धूल झोंकता गया। या फिर उसे सुनियोजित ढंग से संरक्षण मिला हुआ था।
फरीदाबाद और नोएडा में लोकेशन मिलने के अगले ही दिन उज्जैन पहुंचने पर पुलिस पर सवाल
उज्जैन में महाकाल का दर्शन करने आए विकास दुबे ने ढाई सौ रुपये की पर्ची कटवाई। उसकी देह भाषा बता रही थी कि वह बहुत ही सुकून में और बेखौफ है। आरोप है कि उसकी सुरक्षा के इंतजाम पहले से ही हो चुके थे और विपक्षी दल इसी मामले पर शिवराज सरकार पर हमला बोल रहे हैं। विकास को मप्र में प्रवेश के लिए उत्तर प्रदेश के रास्तों से ही गुजरना पड़ा होगा। उत्तर प्रदेश में भी वह पुलिसकर्मियों को छकाते हुए मध्य प्रदेश आया या वह घटना के तत्काल बाद ही मध्य प्रदेश भाग आया था। वैसे मप्र में उसके साले के पहले से होने की खबर ने पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी थी। यह आशंका भी पहले ही जता दी गई थी कि विकास मध्य प्रदेश में आ सकता है। इसे लेकर ऊपर से लेकर नीचे तक प्रशासनिक मशीनरी अलर्ट भी थी। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि विकास दुबे उज्जैन तक कैसे आया। यह सवाल और भी स्वाभाविक इसलिए है, क्योंकि मीडिया में उसकी जो तस्वीर वायरल हुर्इं और मौजूदा शक्ल में कोई खास अंतर नहीं है। सरकारी मशीनरी अब इसे लेकर दावे तो कई तरह से कर रही है।
क्या पुलिस को कहीं भनक नहीं लगी या फिर वह आंखों में झोंकता रहा धूल
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र का कहना है कि वारदात होने के बाद से ही हमने मध्य प्रदेश पुलिस को अलर्ट पर रखा था। उज्जैन के डीएम तो यह भी दावा कर रहे हैं कि उसे महाकाल के दर्शन से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन गिरफ्तारी के तत्काल बाद यही बात सामने आई कि उसने मंदिर में पहुंचकर खुद को विकास दुबे कानपुर वाला बताया। इसके बाद ही मंदिर के गार्डों ने उसे पकड़ा। पर, विकास के उज्जैन तक पहुंचने में क्या कहीं भी पुलिस की निगाह नहीं गई। वह आखिर कैसे उज्जैन तक पहुंच गया। पुलिस के पास फिलहाल इस सवाल का भी जवाब नहीं है कि जब मध्य प्रदेश पुलिस अलर्ट पर थी तो वह राज्य के कई जिलों को पार करते हुए उज्जैन तक गया कैसे।
उप्र पुलिस को सूचना भेजी
मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने कहा कि विकास दुबे को उज्जैन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश पुलिस को भी दे दी गई है। फिलहाल इस मामले में इससे ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता है।