लक्षद्वीप पहुंचा ऑक्सीजन सिलिंडर समेत तमाम जरूरी सामान, INS शारदा के जरिए हुई सप्लाई
देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने कहर बरपा दिया है। नेवी की ओर से मदद मुहैया कराई जा रही है। इसके तहत INS शारदा के जरिए लक्षद्वीप में 35 ऑक्सीजन सिलेंडर रैपिड एंटीजेन परीक्षण टेस्ट किट पीपीई मास्क और दूसरी वस्तुओं की आपूर्ति की गई।
नई दिल्ली, एएनआइ। कोविड-19 संक्रमण के दूसरी लहर के चपेट में आए देश की मदद के लिए सैन्य बलों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। इसके तहत भारतीय नेवी की INS शारदा ने मंगलवार को लक्षद्वीप में आवश्यक सामानों की आपूर्ति की। यह जानकारी आधिकारिक तौर पर भारतीय नेवी की ओर से दी गई। इसके अनुसार, INS शारदा के जरिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस मिशन के तहत लक्षद्वीप में 35 ऑक्सीजन सिलेंडर, रैपिड एंटीजेन परीक्षण टेस्ट किट, पीपीई, मास्क और दूसरी वस्तुओं की आपूर्ति की गई।
बता दें कि लक्षद्वीप और अंडमान के छोटे -छोटे द्वीपों तक ऑक्सीजन पहुंचाने की जिम्मेदारी नेवी ने ले ली है। मिशन ऑक्सीजन एक्सप्रेस के तहत इन द्वीपों पर ऑक्सीजन, PPE किट, जरूरी दवाएं और टेस्ट किट पहुंचाए जा रहे हैं | इसके तहत कोच्चि से लक्षद्वीप तक ऑक्सीजन के सिलेंडर्स और मेडिकल सप्लाई पहुंचाई जा रही हैं।
नेवी ने ऑक्सीजन सिलिंडरों के अलावा रैपिड एंटीजेन डिटेक्शन टेस्ट किट्स, पीपीई किट, मास्क और दूसरे उपकरणों को भी कावाराती द्वीप पर पहुंचाया। साथ ही INS शारदा ने मिनीकॉय द्वीप पर भी सहायता के इंतजाम किए। इसके अलावा 41 खाली ऑक्सीजन सिलेंडरों को द्वीप से नेवी द्वारा नियुक्त किए गए जहाज मेघना के जरिए कोच्चि भेजा गया जहां से सिलेंडरों को भरकर लक्षद्वीप पर वापस लौटेगा।
नेवी के एक अधिकारी ने बताया, 'सदर्न नेवल कमांड ने कोच्चि स्थित आईएनएसएच संजीवनी पर 10 बेड
रिजर्व किया है जिसमें आईसीयू की सुविधा भी दी गई है।' ताकि लक्षद्वीप में अस्पतालों में बेड की किल्लत होने पर यहां मरीजों को भर्ती किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि देश अभी कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की चपेट में है। इसके मद्देनजर भारत सरकार ने कहा कि समय आ गया है जब लोगों को अपने घरों के भीतर भी मास्क पहनना शुरू कर देना चाहिए। साथ ही उन्हें घर में मेहमानों को आमंत्रित करने से भी बचना चाहिए।
कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए आईएनएस शारदा द्वारा ऑक्सीजन एक्सप्रेस मिशन के तहत लक्षद्वीप में 35 ऑक्सीजन सिलेंडर, रैपिड एंटीजेन परीक्षण टेस्ट किट, पीपीई, मास्क और दूसरी वस्तुओं की आपूर्ति की गई। #IndiaFightsCorona pic.twitter.com/QdaxicJPYZ
— MyGovHindi (@MyGovHindi) April 26, 2021