सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का 'आइकानिक वीक' महोत्सव आज से, जानें- क्या है इसमें खास
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की तरफ से रविवार को जारी बयान के अनुसार आइकानिक वीक महोत्सव में स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों व गौरव के साथ-साथ युवा नए और प्रतिष्ठित भारत की आकांक्षा एवं सपनों को प्रदर्शित किया जाएगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत 23 से 29 अगस्त तक कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन करेगा। इसे 'आइकानिक वीक' महोत्सव नाम दिया गया है। मंत्रालय की तरफ से रविवार को जारी बयान के अनुसार, 'आइकानिक वीक' महोत्सव में स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों व गौरव के साथ-साथ युवा, नए और प्रतिष्ठित भारत की आकांक्षा एवं सपनों को प्रदर्शित किया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर आयोजनों का शुभारंभ करेंगे, जिसकी थीम 'जन भागीदारी और जन आंदोलन' होगी।
आकाशवाणी नेटवर्क विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू करेगा। इनमें धरोहर (स्वतंत्रता संग्राम के नेताओं के भाषण), निशान (75 प्रमुख ऐतिहासिक स्थल प्रदर्शित किए जाएंगे) और अपराजिता (महिला नेता) शामिल हैं।
दूरदर्शन नेटवर्क पर चल रहे गुमनाम नायक व स्वतंत्रता संग्राम दैनिक विशेष समाचार कैप्सूल के अलावा नए भारत का नया सफर व जर्नी आफ न्यू इंडिया के तहत क्षेत्रीय कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाएगा।
नेताजी व देसी रियासतों का विलय जैसे वृत्तचित्रों की श्रृंखला का प्रदर्शन किया जाएगा। राजी जैसी फिल्में दिखाई जाएंगी। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) अपने ओटीटी प्लेटफार्म पर आइलैंड सिटी व क्रासिंग ब्रिज जैसी फिल्में प्रदशित करेगा।
जम्मू कश्मीर में आजादी का अमृत महोत्सव के कार्यक्रम आयोजन को लेकर समीक्षा
बता दें कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत पूरे देश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने शनिवार को बताया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत समारोहों की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य सचिव जम्मू-कश्मीर डॉ अरुण कुमार मेहता ने बैठक में भाग लिया।
स्कूलों में आयोजित की जा रही हैं प्रतियोगिताएं
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्कूल कॉलेज में छात्रों के बीच कई तरह की प्रतियोगिताएं की जा रही है। इसमें स्कूली छात्र-छात्राएं खूब हिस्सा ले रही हैं।