इंदौर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1,207 पहुंचा, अबतक 60 लोगों की मौत
रविवार को 31 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिले में अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1207 हो गया है।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। यहां पर रविवार को 31 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिले में अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,207 हो गया है। इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण जडिया ने कहा कि वायरस से जिले में 60 मौतें हुई हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार मध्य प्रदेश में 2,096 कोविड-19 के मामले हैं, जिनमें 210 ठीक हो गए हैं। राज्य में अबतक कोरोना से 99 लोगों की मौत हो चुकी है।
बता दें कि इस वक्त देश में 3 मई तक लॉकडाउन लगा हुआ है। ऐसे में सभी लोग अपने घरों में कैद हैं। देश की बात करें तो यहां पर मरनेवालों का आंकड़ा 800 के पार पहुंच गया है वहीं सक्रमितों का आंकड़ा 25 हजार के ज्यादा हो गया है। प्रत्येक दिन कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं।
इस बीमारी का अभी तक कोई इलाज नहीं मिल पाया है। इस वक्त पूरा देश इस बीमारी को हराने के लिए एकजुट है। चीन के वुहान से फैला यह वायरस पूरी दुनिया में फैल चुका है। 200 से ज्यादा देश इस संक्रमण की चपेट में है। इस बीमारी की रोकथाम के लिए कई देशों ने अपने देशों में लॉकडाउन लगाया हुआ है, जिसके चलते सभी लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। ऐसे में देश के कोने-कोने में लोग फंसे हुए हैं।
इस बीमारी को रोकने के लिए सभी देश अपने स्तर पर प्रयास में जुटे हैं, लेकिन अभी तक इससे निपटने के लिए कोई कारगर इलाज नहीं मिल पाया है। ऐसे में सभी को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है। सभी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। इस महामारी से अभी तक पूरी दुनिया में 2 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।