शारजाह से भारत आ रहे IndiGo विमान में यात्री की मौत, पाकिस्तान में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
पाकिस्तान के कराची शहर में इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मेडिकल इमरजेंसी के कारण यह आपात लैंडिंग हुई। हालांकि जिस यात्री की तबीयत खराब थी उसे बचाया नहीं जा सका। एयरपोर्ट मेडिकल टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नई दिल्ली, एएनआइ। पाकिस्तान के कराची शहर में इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एक यात्री की तबीयत खराब होने के कारण यह आपात लैंडिंग हुई। दुर्भाग्य से उसे बचाया नहीं जा सका। एयरपोर्ट मेडिकल टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, इंडिगो की 6E 1412 फ्लाइट शारजाह से लखनऊ आ रही थी।
इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि यात्री की तबीयत खराब होने के बाद विमान को कराची की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। यहां पहुंचने पर एयरपोर्ट की मेडिकल टीम ने यात्री को मृत घोषित कर दिया। एयरलाइंस ने यात्री के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में, एक भारतीय एयर एम्बुलेंस ने ईंधन भरने के लिए इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग की थी।
जियो न्यूज के अनुसार लखनऊ जा रहा विमान जब पाकिस्तान के पास से गुजर रहा था, तभी एक यात्री की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद विमान के कैप्टन ने ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और मामले की जानकारी देकर कराची हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। इजाजत मिलने पर सुबह पांच बजकर 30 मिनट पर वह विमान कराची उतरा। जानकारी के अनुसार कार्डियक अरेस्ट के कारण 67 साल के यात्री की विमान में मौत हो गई थी।
पिछले साल रियाद से दिल्ली आ रही गो-एयर फ्लाइट की कराची में हुई थी लैंडिंग
इससे पहले पिछले साल रियाद से दिल्ली आ रही गो-एयर फ्लाइट को मेडिकल इमरजेंसी के कारण कराची एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा था। हालांकि, जिस यात्री की तबीयत खराब होने से फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी, उन्हें बचाया नहीं जा सका। कार्डियक अरेस्ट के कारण उनकी मौत हो गई थी।