स्वदेशी रूप से विकसित एंटी-टॉरपीडो डिकॉय सिस्टम नौसेना में शामिल
भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को कहा कि उसने मारीच नामक एक उन्नत एंटी-टॉरपीडो डिकॉय सिस्टम को शामिल किया है जो सभी अग्रिम पंक्ति के जहाजों से दागे जाने में सक्षम है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को कहा कि उसने मारीच नामक एक उन्नत एंटी-टॉरपीडो डिकॉय सिस्टम को शामिल किया है, जो सभी अग्रिम पंक्ति के जहाजों से दागे जाने में सक्षम है। मारीच को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित किया गया है। यह आने वाले टॉरपीडो को खोजने, उसकी स्थिति का पता लगाने और बेअसर करने में सक्षम है।
नौसेना और डीआरडीओ द्वारा मिलकर बनाया गया
एक विज्ञप्ति में नौसेना ने कहा, एक मंच पर स्थापित इस प्रणाली की प्रतिकृति ने सभी परीक्षणों को सफलतापूर्वक पूरा किया और नौसेना की आवश्यकताओं के अनुसार सुविधाओं का प्रदर्शन किया। इस डिकॉय सिस्टम से नौसेना और डीआरडीओ द्वारा मिलकर स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकी के विकास का संकल्प पूरा होता है। इसके अलावा यह सरकार की मेक इन इंडिया पहल और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को भी व्यक्त करता है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड इस डिकॉय सिस्टम का उत्पादन कार्य करेगा।