VandeBharat Mission: दुनिया के विभिन्न हिस्सों से आ रहे भारतीय, जानिए कहां-कहा से आ रहे हैं यात्री
वंदे भारत मिशन के तहत दुनिया के विभिन्न हिस्सों से भारतीयों का आना शनिवार को भी जारी रहा।
नई दिल्ली, एजेंसियां। वंदे भारत मिशन के तहत दुनिया के विभिन्न हिस्सों से भारतीयों का आना शनिवार को भी जारी रहा। इसके तहत 129 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान ढाका से नई दिल्ली पहुंचा। लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से 326 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान मुंबई के लिए उड़ान भर चुका है। इन यात्रियों में ज्यादातर छात्र और पर्यटक शामिल हैं। इसके रविवार सुबह तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।
इसके अलावा दुबई से 356 यात्रियों को लेकर दो विमान चेन्नई पहुंचे। पहली उड़ान में 179 और दूसरी उड़ान में 177 यात्री सवार थे। मालदीव से 698 भारतीयों को लेकर वायुसेना का पोत शुक्रवार रात को रवाना हो चुका है। इसके रविवार तक कोच्चि पहुंचने की उम्मीद है। कुवैत से 177 यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से कोच्चि पहुंचे। मस्कट से 177 यात्रियों के साथ एक अन्य विमान के शनिवार रात को कोच्चि पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा 177 यात्रियों का एक और जत्था देर रात को पहुंचेगा।
अमेरिका जाने वाले छात्रों के लिए एयर इंडिया की एडवायजरी
एयर इंडिया ने अमेरिका जाने वाले उन भारतीय छात्रों के लिए एडवायजरी जारी की है, जिनके पास एफ या एम वीजा है। एयर इंडिया ने कहा है कि जिन छात्रों के वीजा की वैधता छह महीने से कम है और जिन्होंने हाल में नामांकन लिया है और अपने संस्थान में क्लास में शामिल नहीं हुए हैं, उन्हें वंदे भारत मिशन के तहत विमानों से अमेरिका जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
खाड़ी देशों में और उड़ानों के लिए भारत के राजदूतों ने प्रवासी भारतीयों को दिया आश्वासन
मस्कट। खाड़ी देशों में भारत के राजदूतों ने प्रवासी भारतीयों को आश्वासन दिया है कि आने वाले दिनों में उनके लिए अधिक उड़ानें होंगी। भारत ने वंदे भारत मिशन के तहत शनिवार को ओमान और सऊदी अरब में फंसे हुए अपने नागरिकों को निकाला। इस मिशन के तहत पहली फ्लाइट से सात मई को अबू धाबी और दुबई से 363 भारतीयों को केरल ले जाया गया था।