अपने साथ पूरी दुनिया का भी भला कर रहा है भारत, यूएन शांति रक्षकों के लिए भेजी कोरोना वैक्सीन
भारत अपने साथ साथ पूरी दुनिया को कोरोना महामारी से बचाने का प्रयास कर रहा है। इसके तहत भारत ने यूएन को कोरोना वैक्सीन की दो लााख खुराक भेजी हैं। ये खुराक यूएन मिशन के तहत काम करने वाले जवानों के लिए हैं।
नई दिल्ली (ऑनलाइन डेस्क)। वैश्विक महामारी की शुरुआत से ही भारत इसकी रोकथाम के लिए जहां अपने यहां प्रयास कर रहा है वहीं पूरी दुनिया में इसकी रोकथाम के लिए अग्रणी भूमिका निभा रहा है। महामारी की शुरुआत में भारत ने दुनिया के कई देशों को पीपीई किट और दवाइयां भेजी थीं। इसके बाद भारत ने स्वदेशी वैक्सीन समेत भारत में निर्मित कोरोना वैक्सीन को दुनिया के कई देशों को उपलब्ध करवाया। अब भारत ने संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन से जुड़े जवानों के लिए कोरोना वैक्सीन की दो लाख खुराक बतौर गिफ्ट भेजी हैं।
भारत के लोगों और सरकार की तरफ से इस उपहार में ऑक्सफॉर्ड-एस्ट्राजेनेका वैक्सीन की खुराक हैं। मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ये वैक्सीन शनिवार को कतर एयरवेज़ के विमान के जरिये डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन भेजी गई हैं। यहां पर इनका सुरक्षित भण्डारण किया जाएगा। यहीं से ये वैक्सीन विभिन्न मिशन में तैनात शांति रक्षकों को भेजी जाएंगी।
भारत की इस निस्वार्थ सेवा पर भारत में संयुक्त राष्ट्र की रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर, रेनाटा डेजालिएन ने इसकी जानकारी देते हुए सरकार और देशवासियों का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र इसके लिए भारत का हार्दिक धन्यवाद करता है। भारत का ये कदम पूरी दुनिया की शांति और सुरक्षा के लिए भारतकी प्रबिद्धता को दर्शाता है। आपको बता दें कि इसी वर्ष फरवरी में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इसकी घोषणा की थी।
भारत का कहना है कि उनकी कोशिश है कि शांतिरक्षकों की तैनाती से पहले उन्हें ये वैक्सीन लगाई जाए। आपको बता दें कि वर्तमान में पूरी दुनिया में संयुक्त राष्ट्र के तहत 12 शांति मिशन चल रहे हैं जिसमें 95 हजार से अधिक शांति सैनिक तैनात हैं। यूएन के नेतृत्व में चलने वाले इन अभियानों में सबसे अधिक संख्या भारतीय जवानों की ही है।
आपको बता दें कि भारत अब तक विश्व 76 देशों को करोना वैक्सीन की छह करोड़ से अधिक खुराक मुहैया करवा चुका है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने भी भारत की तारीफ की है। भारत वैक्सीनेशन के मामले में भी कई देशों से काफी आगे है। भारत में अब तक छह करोड़ से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है।