कोरोना के सक्रिय मामलों में सातवें से आठवें स्थान पर पहुंचा भारत, जानिए प्रमुख राज्यों का क्या है हाल
महाराष्ट्र और केरल में पांच हजार से अधिक नए केस मिले हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 5439 और केरल में 5420 नए केस मिले हैं और इन राज्यों में कुल संक्रमित क्रमश 17.89 लाख और 5.71 लाख हो गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में भारत की स्थिति लगातार बेहतर हो रही है। महामारी को मात देने वालों के मामले में भारत पिछले कुछ दिनों से शीर्ष पर बना हुआ है। सक्रिय केसों के मामलों में भी उसकी स्थिति सुधरी है और वह दुनिया में सातवें से आठवें स्थान पर पहुंच गया है। भारत से ज्यादा सक्रिय मामले अमेरिका, फ्रांस, इटली, बेल्जियम, ब्राजील, रूस और पोलैंड में हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआइ की तरफ से मंगलवार रात 9.30 बजे जारी टैली के मुताबिक बीते चौबीस घंटों के दौरान 42,988 नए मामले मिले हैं, 40,037 मरीज ठीक हुए हैं और 585 मरीजों की मौत हुई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा 92.13 लाख और ठीक होने वाले लोगों की संख्या 86.35 लाख हो गई है। अब तक 1,34,553 मरीजों की मौत हो चुकी है। 585 मौतों में बंगाल में सबसे अधिक 49, उत्तर प्रदेश में 33, महाराष्ट्र में 30, केरल में 24 और राजस्थान में 19 मौतें शामिल हैं।
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में कुल 4,38,667 सक्रिय मामले हैं, जो कुल मामलों का 4.78 फीसद है। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 91.77 लाख पर पहुंच गया है, 1,34,218 मरीजों की मौत हो चुकी है और अब तक 86.04 लाख मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 93.76 फीसद और मृत्युदर गिरकर 1.46 फीसद पर आ गई है।
सोमवार को 10.99 लाख कोरोना टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में कुल 13.36 करोड़ नमूनों की जांच की गई है। इनमें 10,99,545 नमूनों की जांच सोमवार को की गई।
महाराष्ट्र-केरल में पांच हजार से अधिक नए मामले
महाराष्ट्र और केरल में पांच हजार से अधिक नए केस मिले हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 5,439 और केरल में 5,420 नए केस मिले हैं और इन राज्यों में कुल संक्रमित क्रमश: 17.89 लाख और 5.71 लाख हो गए हैं।
गुजरात में दो लाख से अधिक संक्रमित
गुजरात में संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख को पार कर गया है। राज्य में दूसरे बार 1,500 से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। 1,510 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या दो लाख से ज्यादा हो गई है। राज्य में 16 मरीजों की मौत भी हुई है। अब तक कुल 3,892 लोगों की जान जा चुकी है।
बंगाल-राजस्थान में तीन हजार से अधिक नए केस
बंगाल और राजस्थान में भी तीन हजार से अधिक नए मामले मिले हैं। बंगाल में 3,545 और राजस्थान में 3,314 नए मामलों के साथ दोनों राज्यों में कुल संक्रमितों का आंकड़ा क्रमश: 4.63 लाख और 2.50 लाख पर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश में 2,274 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 5.31 लाख हो गए हैं।