साउथ अफ्रीका में फंसे भारतीयों के लिए स्पेशल फ्लाइट्स संचालित कर सकती है भारत सरकार
अब साउथ अफ्रीका में फंसे लोगों की मदद के लिए भी भारत की तरफ से स्पेशल फ्लाइट्स चलाई जाएगी।
नई दिल्ली, पीटीआइ। देशभर में लगे लॉकडाउन के चलते देश-विदेश में फंसे लोगों को वतन लाने की मदद सरकार की तरफ से जारी है। इन लोगों की मदद वंदे भारत मिशन, ऑपरेशन सेतु अभियान और श्रर्मिक ट्रेनों के माध्यम से की जा रही है। ऐसे में अब साउथ अफ्रीका में में फंसे लोगों की मदद के लिए भी भारत की तरफ से स्पेशल फ्लाइट्स चलाई जाएगी।
महामारी के कारण दक्षिण अफ्रीका और पड़ोसी राज्य लेसोथो में फंसे हुए भारतीय नागरिकों को सोमवार को भारत वापस लाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए इस महीने के अंत में एक विशेष उड़ान संचालित करने की योजना की घोषणा की गई है।
18 जून को चल सकती स्पेशल फ्लाइ्टस
भारतीय उच्चायोग ने घोषणा की कि वंदे भारत मिशन के चरण 3 के तहत एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट्स से 18 जून को जोहानसबर्ग से दिल्ली और मुंबई के लिए एक उड़ान की योजना बनाई जा रही है। बता दें कि हजारों भारतीय नागरिकों को पहले ही मिशन के तहत दुनिया भर से निकाला जा चुका है।
बता दें कि देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लॉकडाउन लगाया था। इसके बाद देश-विदेश में लोग फंस गए थे। ऐसे लोगों की मदद करने के लिए भी सरकार की तरफ से स्पेशल फ्लाइट्स, ट्रेनें और बस की सेवा शुरू की गई है।
इस वक्त देश में पांचवे चरण का लॉकडाउन चल रहा है। इस लॉकडाउन के चलते देश में धीरे-धीरे प्रतिबंध हटाया जा रहा है। ऐसे में लोगों की जिंदगी पटरी पर आ रही है। फिलहाल देश में कोरोना से मरनेवालों का आंकड़ा 5 हजार के पार पुहंच गया है वहीं संक्रमिंतों की संख्या 2 लाख के करीब पहुंचने वाली है।
फिलहाल इस यात्रा के लिए अभी तक किराया निर्धारित नहीं किया है। उड़ान की लागत का भुगतान करने सहित, लौटने की इच्छा रखने वालों के लिए सख्त शर्तें रखी गई हैं।