पाकिस्तानी राजनयिक को तलब कर भारत ने फायरिंग के लिए लगाई फटकार, दी सख्त चेतावनी
पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा से सटे ग्रामीण इलाकों में बेवजह गोलीबारी करके तीन नागरिकों की जान लेने की घटना पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा से सटे नागरिक ठिकानों पर बेवजह गोलीबारी कर तीन नागरिकों की जान लेने की घटना पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भारत ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के एक वरिष्ठ अधिकारी को विदेश मंत्रालय तलब कर उसे आपत्ति पत्र (डेमार्श) देकर जमकर फटकार लगाई।भारत ने सख्त चेतावनी दी है कि पाकिस्तान यदि 2003 में किये गये संघर्ष विराम समझौते का लगातार उल्लंघन करेगा तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
उल्लेखनीय है रविवार को पाकिस्तान की तरफ से हुई गोलाबारी में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी जिसमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है। इसके साथ भारत ने पाकिस्तानी सुरक्षा कर्मियों की ओर भारतीय मछुआरों की नावों पर बेवजह की गई फायरिंग पर कड़ा ऐतराज जताया है। पाक मैरीटाइम एजेंसी ने रविवार को भारतीय मछुआरों की दो नावों पर गोलियां बरसाई थीं। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी को सख्त फटकार लगाई गई है। अकारण हो रही गोलीबारी से भारतीय नागरिकों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस तरह से नागरिक ठिकानों को निशाना बना कर हमला करना मानवीय व तय सैन्य मानदंडों के खिलाफ है। यह बात पाकिस्तान पक्ष को स्पष्ट तौर पर बताई गई है। उम्मीद की जानी चाहिए कि पड़ोसी देश के रुख में बदलाव आएगा। बताते चलें कि कोरोनावायरस से जूझ रहा पाकिस्तान इस महामारी से लड़ने की भारत की कोशिशों में भी मदद नहीं कर रहा है। दक्षिण एशियाई देशों के बीच इस महामारी के खिलाफ एक साझा रणनीति बनाने की भारत की पहल में भी वह शामिल नहीं हो रहा है।इस बीच इस्लामाबाद से मिली खबर के अनुसार पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारतीय राजनयिक गौरव अहलूवालिया को तलब कर उल्टे भारत पर अकारण फाय¨रग की तोहमत लगाई थी।