भारत में बढ़ी भुखमरी, ग्लोबल हंगर इंडेक्स में 103वें पायदान पर
भारत को उन 45 देशों की सूची में रखा गया है, जहां भुखमरी की स्थिति गंभीर है। ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत को 119 देशों में से 103वें पायदान पर रखा गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत को 119 देशों में से 103वें पायदान पर रखा गया है। जर्मन संस्था वेल्टहंगरहिल्फ एंड कंसर्न वर्ल्डवाइड की ओर से जारी रिपोर्ट में भारत को उन 45 देशों की सूची में रखा गया है, जहां भुखमरी की स्थिति गंभीर है। 2017 की रिपोर्ट में भारत को 100वें पायदान पर रखा गया था। हालांकि ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले साल से इसकी तुलना नहीं की जा सकती है।
ग्लोबल हंगर इंडेक्स की शुरुआत 2006 में की गई थी। 2018 का इंडेक्स इसका 13वां संस्करण है। इसमें पोषण की कमी और बाल मृत्यु दर समेत चार मानकों पर देशों की रैकिंग की गई है। चीन (25वां), नेपाल (72वां), म्यांमार (68वां), श्रीलंका (67वां) और बांग्लादेश (86वां) जैसे पड़ोसी देशों की तुलना में भारत की स्थिति खराब है। पाकिस्तान को इस सूची में 106वें स्थान पर रखा गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिण एशिया और सहारा के दक्षिण में बसे अफ्रीकी देशों में स्थिति ज्यादा गंभीर है। वैश्विक स्तर पर भुखमरी की स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन इसमें एकरूपता नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में 12.4 करोड़ लोग बेहद भूख की परेशानी से जूझ रहे हैं। दो साल पहले ऐसे लोगों की संख्या आठ करोड़ थी।
राहुल ने साधा निशाना
ग्लोबल हंगर इंडेक्स में पिछड़ने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल ने कहा, 'चौकीदार बहुत भाषण देते हैं, लेकिन लोगों के पेट के बारे में भूल जाते हैं। खूब योग करते हैं और जीवन का आनंद लेते हैं, लेकिन लोगों को भोजन देना भूल जाते हैं।'