Move to Jagran APP

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 17,296 नए केस, 407 की मौत, स्वस्थ हुए 13,940 मरीज

देश में बीते चौबीस घंटे के दौरान 17296 नए मामले सामने आए हैं जबकि 407 लोगों की मौत हो गई है। देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 490401 हो गई है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Fri, 26 Jun 2020 10:35 PM (IST)Updated: Sat, 27 Jun 2020 08:34 AM (IST)
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 17,296 नए केस, 407 की मौत, स्वस्थ हुए 13,940 मरीज
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 17,296 नए केस, 407 की मौत, स्वस्थ हुए 13,940 मरीज

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में बीते चौबीस घंटे के दौरान 17,296 नए मामले सामने आए हैं जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,90,401 हो गई है। इस दौरान 407 लोगों की मौत भी हुई है जिससे महामारी से अब तक जान गंवाने वालों की संख्या भी बढ़कर 15,301 हो गई है। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच मरीजों के ठीक होने की दर भी लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक 2,85,636 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही 13,940 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है।

loksabha election banner

आधे से ज्यादा केस 10 शहरों से

कुल संक्रमित मामलों में आधे से ज्यादा 10 शहरों और जिलों में सामने आए हैं। इनमें दिल्ली, चेन्नई, ठाणे, मुंबई, पालघर, पुणे, हैदराबाद, रंगारेड्डी, अहमदाबाद और फरीदाबाद। इन शहरों और जिलों में ही 54.47 फीसद संक्रमित हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक एक जून से 26 जून के दौरान 2,99,866 मामले सामने आए।

1,89,463 सक्रिय मामले

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अभी तक कुल 4,90,401 संक्रमित मामले सामने आए हैं। इसमें से सक्रिय मामले 1,89,463 ही रह गए हैं। स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या सक्रिय मामलों से 96,173 ज्यादा है। स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 58.24 फीसद हो गया है।

क्‍या कहते हैं राज्यों के आंकड़े

अगर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्रोतों से मिली सूचनाओं पर नजर डालें तो अब तक स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 2,95,186 हो गई है। सक्रिय मामले 1,88,869 रह गए हैं। अब तक 15,674 लोगों की जान गई है। पिछले चौबीस घंटे में महाराष्ट्र में 175, तमिलनाडु में 46 और 18 मौतें शामिल हैं। महाराष्ट्र में अब तक 7,106, गुजरात में 1,772 और तमिलनाडु में 957 लोगों की जान जा चुकी है।

महाराष्ट्र में 1.50 लाख से ज्यादा मरीज

महाराष्ट्र में शुक्रवार को 5,024 नए मामले सामने आए। एक दिन में नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1,52,765 हो गया है। इस दौरान 2,362 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली। राज्य में अब तक 79,815 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

मौतों को छिपा नहीं रहा महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि उनकी सरकार कोरोना से होने वाली मौतों को छिपा नहीं रही है। मामलों की जानकारी मिलने में देरी की वजह से आंकड़े बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौत की खबरों को छिपाने की कोई वजह नहीं है।

गुजरात में संक्रमितों का आंकड़ा 30 हजार के पार

गुजरात में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों मरीजों की संख्या 30 हजार को पार कर गई है। शुक्रवार को सामने ओ 580 नए मामलों के साथ ही राज्य में अब तक 30,158 मरीज मिल चुके हैं। हालांकि, सक्रिय मामलों की संख्या 6,348 ही है। 22,038 मरीजों को अब तक अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

उत्तर प्रदेश में 750 नए केस

उत्तर प्रदेश में 750 नए मामले सामने आए और कोरोना वायरस से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 20,943 हो गई। इसके अलावा राजस्थान में 16,660, बंगाल में 16,190 और तेलंगाना में 12,349, मामले सामने आ चुके हैं। तेलंगाना में एक सरकारी अस्पताल की हेड नर्स की कोरोना से मौत हो गई है। यह नर्स इसी महीने रिटायर होने वाली थी। मध्य प्रदेश में अब तक 12,798, हरियाणा में 12,884, आंध्र प्रदेश में 11,489 और कर्नाटक में 11,005 संक्रमित सामने आ चुके हैं। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 12 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सेना के 11 जवान और एक पुलिसकर्मी है। राज्य में अब तक 72 मामले सामने आए हैं।

दिल्ली में 3,460 नए मामले

दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी में और 3,460 नए मामले आए और संक्रमितों की संख्या 77,240 हो गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या 27 हजार है। अब तक 47,091 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं, जबकि 2492 संक्रमित लोगों की मौत हुई है।

गोवा में 12 घंटे की शिफ्ट

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत कहा है कि कामगारों की कमी को देखते हुए राज्य में फैक्टि्रयों में 12 घंटे की शिफ्ट की जा सकती है। सरकार ने फिलहाल 31 जुलाई तक के लिए यह व्यवस्था दी है।

केंद्रीय बलों में सौ नए मामले

केंद्रीय सुरक्षा बलों में सौ नए संक्रमित मामले सामने आ हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) अब तक 3,300 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। अब तक 23 कर्मियों की जान भी जा चुकी है।

तमिलनाडु में 3,645 नए केस

तमिलनाडु में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन साढ़े तीन हजार से ज्यादा नए केस सामने आए। 3,645 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 74,622 हो गई है।

असम में 12 घंटे का कर्फ्यू

कोरोना के बढ़े मामलों को देखते हुए असम में 12 घंटे का रात का कर्फ्यू लगा दिया गया है। 28 जून से कामरूप (मेट्रो) जिले में 14 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। गुवाहाटी शहर इसी जिले में पड़ता है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत विश्व सरमा ने यह जानकारी दी। इसके अलावा प्रमुख शहरों में हर शनिवार-रविवार को लॉकडाउन लागू किया जाएगा।

अब तक 77.76 लाख नमूनों की जांच

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक गुरुवार तक देश में 77,76,228 नमूनों की जांच की गई। गुरुवार को एक दिन में रिकॉर्ड 2,15,446 नमूनों की जांच की गई। शुक्रवार को आइसीएमआर की उच्च स्तरीय गवर्निग बॉडी की बैठक हुई, जिसमें प्रतिदिन चार लाख जांच करने की क्षमता हासिल करने के उपायों पर चर्चा की गई।

तेजी से बढ़ रहा जांच का दायरा

कोरोना वायरस की जांच का दायरा भी तेजी से बढ़ रहा है। आइसीएमआर लगातार प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ा रही है। पिछले चौबीस घंटे में और 11 प्रयोगशाला में जांच शुरू हुई है। इसको मिलाकर कोरोना वायरस की जांच करने वाली प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 1,016 हो गई है। इनमें 737 सरकारी और 279 निजी प्रयोगशालाएं हैं।

सहयोग बढ़ाएंगे भारत-जर्मनी

भारत और जर्मनी ने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में सहयोग और बढ़ाने का संकल्प लिया है। इसमें दवा, उपकरण और प्रौद्योगिकी की आपूर्ति शामिल है। दोनों देशों के बीच वर्चुअल विदेश सचिव स्तर की बैठक में कोरोना के अलावा अन्य कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.