क्रिसमस के बाद बारिश बढ़ाएगी ठंड, जानें- दिल्ली-यूपी समेत देश के अन्य हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने कहा कि देश में अभी शीतलहर की स्थिति नहीं है। हालांकि अगले कुछ दिनों में देश के कुछ हिस्सों में बारिश ठंड बढ़ा सकती है। विभाग ने क्रिसमस बाद मैदानी इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। मौसम विभाग ने देश के कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और यूपी के मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। विभाग की माने तो देश में अभी शीतलहर की स्थिति नहीं है, लेकिन अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश ठंड बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि इन इलाकों में 26 दिसंबर और 27 दिसंबर की रात बारिश होगी। बारिश का सिलसिला 28 दिसंबर तक जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने कहा, '24 दिसंबर तक दिन और रात का तापमान सामान्य या इससे ऊपर रहा है। भारत के किसी हिस्से में शीतलहर की स्थिति नहीं है। भारत के किसी भी हिस्से में शीत लहर नहीं है, जैसा हमने 22 दिसंबर को अनुमान जताया था। अब दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस है। साथ ही उत्तर भारत में मौसम गर्म हो रहा है।'
मौसम विभाग ने बताया, 'अब पश्चिमी विक्षोभ खत्म हो चुका है और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी हुई है। क्रिसमस के ठीक बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और यूपी के मैदानी इलाकों में 26 दिसंबर या 27 दिसंबर की रात को बारिश होगी जो 28 दिसंबर को जारी रहेगी।'
मौसम विभाग के अधिकारी आरके जेनामणि ने कहा कि एक और पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है जिसके कारण नए साल से पहले शीत लहर की संभावना नहीं है। इसके अलावा 5 जनवरी तक तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान तापमान सामान्य या इससे ज्यादा रहेगा। दिल्ली में अगले 2-3 दिनों में तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।