अजब गजब भक्ति: चार करोड़ कैश और चार किलो सोने से सजा मां का दरबार
आंध्र प्रदेश में कन्यका परमेश्वरी देवी का मंदिर अपनी सजावट के लिए देश भर में चर्चा में है। इस मंदिर को चार करोड़ कैश और चार किलो सोने से सजाया है।
नई दिल्ली, एजेंसी। दुर्गापूजा का उत्सव पूरे देश में जोरों पर है। हर जगह भक्ति भाव में लीन श्रद्धालु माता रानी की पूजा करते दिख जाएंगे। हर मंदिर नवरात्र में सज गया है। आंध्र प्रदेश में भी कन्यका परमेश्वरी देवी का मंदिर है, जो अपनी सजावट के लिए देश भर में चर्चा में है। इसकी चर्चा का कारण भी खास है। इस मंदिर को श्रद्धालुओं ने चार करोड़ कैश और चार किलो सोने से सजाया है।
अनोखी सजावट
इस मंदिर में आपको आम मंदिरों जैसी फूलों की सजावट देखने का नहीं मिलेगी, क्योंकि यहां की सजावट में इस्तेमाल की गई है भारतीय करेंसी। चार करोड़ रुपये और चार किलो सोने से सजा मंदिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
130 साल पुराना है इतिहास
यह मंदिर आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में है। यहां मां कन्यका परमेश्वरी देवी का मंदिर है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर गहरी आस्था है। मंदिर में स्थापित मूर्तियों को आभूषणों से सजाया गया है वहीं मंदिरों की दीवारों और परिसर को नोटों से सजाया गया है, जिनकी कीमत चार करोड़ रुपए है। देवी का मंदिर करीब 130 साल पुराना है। हर साल भक्त यहां मंदिर की सजावट कुछ खास तरीके से करते हैं।