Move to Jagran APP

सर्दी का सितम जारी, कानपुर में पारा जमाव बिंदु पर; इन राज्यों में बर्फबारी और बारिश की संभावना

कई राज्यों में मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। यूपी में ही ठंड की चपेट में आने से 19 पंजाब में दो और झारखंड में पांच लोगों की मौत हो गई।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Tue, 31 Dec 2019 10:02 PM (IST)Updated: Tue, 31 Dec 2019 10:03 PM (IST)
सर्दी का सितम जारी, कानपुर में पारा जमाव बिंदु पर; इन राज्यों में बर्फबारी और बारिश की संभावना
सर्दी का सितम जारी, कानपुर में पारा जमाव बिंदु पर; इन राज्यों में बर्फबारी और बारिश की संभावना

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पहाड़ों पर ही नहीं बल्कि मैदानी इलाकों में भी सर्दी का सितम बदस्तूर जारी है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तो कई जगहों पर पारा शून्य से नीचे चल ही रहा है, इस बीच मैदानी इलाकों में भी इसने गोता लगाया है। आलम यह है कि कानपुर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री पर पहुंच गया है। लखनऊ में भी पारा 0.2 डिग्री रहा। पिछले दिनों राजस्थान और हरियाणा के भी कई शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया था।

loksabha election banner

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश सहित कुछ राज्यों में धूप खिलने से लोगों को राहत जरूर मिली है, पर यह नाकाफी कही जा सकती है, क्योंकि न्यूनतम तापमान में महज एक-दो डिग्री का ही उछाल आया है। कई राज्यों में मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश में ही ठंड की चपेट में आने से 19, पंजाब में दो और झारखंड में पांच लोगों की मौत हो गई है।

उत्तर प्रदेश में शीतलहर ने लोगों को परेशान किया। शाम होते ही गलन बढ़ गई। इस बीच कानपुर में ठंड ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए। कानपुर देहात और गंगा किनारे के तीन शहर कानपुर, कन्नौज और उन्नाव में पारा शून्य पर लुढ़क गया। मौसम विभाग के पास 1971 तक के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर में इतनी ठंड कभी नहीं पड़ी। औरैया में 0.6 और उरई में 2.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। शीतलहर और ठिठुरन का 18 दिनों से सामना कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को धूप के चलते मामूली राहत मिली। अलबत्ता, न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम था। मध्य प्रदेश के रीवा, शहडोल और ग्वालियर-चंबल संभाग में कोहरे के कारण लोग परेशान रहे।

पंजाब में शीतलहर और कोहरे के कारण अधिकतम तापमान में 12 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। फाजिल्का के अबोहर व मोगा में मंगलवार को ठंड से दो लोगों की मौत हो गई। यहां का न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री रहा। राजस्थान के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंटआबू में तापमान 2.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सीकर में 1.0 डिग्री, जयपुर में 2.8 डिग्री रहा। पिछले तीन दिन से माइनस में चल रहे फतेहपुर के तापमान में कुछ सुधार हुआ है,यहां का तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया ।

हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में दोपहर तक कोहरा छाए रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। पांच स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। एक महीने से जम्मू में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से दस डिग्री सेल्सियस नीचे रहने से ठंड लगातार नए रिकार्ड बना रही थी। उत्तरखंड में मुक्तेश्वर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। प्रदेश के सात शहरों में पारा तीन डिग्री सेल्सियस से कम रहा है। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। रांची के कांके में 3.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। झारखंड के कुछ इलाकों में शीतलहर से लोगों का हाल बेहाल रहा।

इसलिए मौसम में आया परिवर्तन

मौसम विभाग, नई दिल्ली के कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि हरियाणा और ओडिशा के आसपास चक्रवाती हवा सक्रिय हुई है। इसके प्रभाव से पूर्वी दिशा से दिल्ली की तरफ हवा पहुंच रही है। इस कारण कोहरा छंट गया।

बर्फबारी और बारिश की संभावना

जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में एक जनवरी को बर्फबारी व बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और झारखंड सहित कुछ राज्यों में बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी हवाएं सक्रिय होने से दो और तीन जनवरी को हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की गई है। झारखंड में अगले चार दिनों तक बादल छाए रहेंगे। एक से चार जनवरी तक बारिश की संभावना है। दिल्ली के मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

कहां-कितना तापमान

लेह, लद्दाख -15.4

केलंग, हिमाचल प्रदेश -8.2

पहलगाम, जम्मू-कश्मीर -5.3

मुक्तेश्वर, उत्तरखंड 0.4

कानपुर, उत्तर प्रदेश 0.0

सीकर, राजस्थान 1.0

अबोहर, पंजाब 3.0


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.