Move to Jagran APP

कुएं से ज्यादा गहरा निकला पति का प्रेम, जानिए मध्‍य प्रदेश के दंपती की प्रेम कहानी

भारत सिंह का कहना है कि पिछले कई महीनों से पत्नी को परेशान होते देख रहा था। एक दिन पत्नी बहुत उदास हो गई और मैंने खुद का कुआं खोदने की ठान ली। मेर के इस प्रेम को देखकर जिले के कलेक्टर ने भी उन्हें सलाम किया है।

By Arun kumar SinghEdited By: Published: Sun, 10 Jan 2021 06:18 PM (IST)Updated: Sun, 10 Jan 2021 06:18 PM (IST)
कुएं से ज्यादा गहरा निकला पति का प्रेम, जानिए मध्‍य प्रदेश के दंपती की प्रेम कहानी
मध्य प्रदेश के गुना जिले के भानपुरा बाबा गांव के भारत सिंह मेर

अरविंद शर्मा, भोपाल। बिहार में एक थे दशरथ मांझी। उन्होंने रास्ते के लिए अकेले पहाड़ ही काट डाला। वजह थी पत्नी के प्रति प्रेम। उतना तो नहीं लेकिन कुछ इसी तरह का जज्बा दिखाया है मध्य प्रदेश के गुना जिले के भानपुरा बाबा गांव के भारत सिंह मेर ने। उनकी पत्नी आधा किमी दूर हैंडपंप पर पानी भरने जाती थी, उसकी रोज की यह मशक्कत उनसे देखी नहीं गई। 46 साल के भारत सिंह ने घर पर ही 31 फीट गहरा कुआं खोद दिया। मेर के इस प्रेम को देखकर जिले के कलेक्टर ने भी उन्हें सलाम किया है।

loksabha election banner

पत्नी को पानी भरने आधा किमी दूर जाना पड़ता था, रोज की परेशानी से बचाने किया अनूठा काम

दरअसल, भारत सिंह की पत्नी सुशीला बाई जिस हैंडपंप पर जाती थीं, उसकी स्थिति भी कुछ खास अच्छी नहीं थी। अकसर उसकी चेन टूट जाती थी। सुशीला बाई बार-बार इससे परेशान होतीं और कभी-कभी तो उन्हें बिना पानी लिए ही लौटना पड़ता था। यह बात भारत सिंह के मन में इतनी गहरी बैठी कि दो महीने पहले घर के बाहर कुआं खोदने की ठान ली। भारत सिंह ने 15 दिन में करीब 31 फीट गहरा और साढ़े चार फीट चौड़ा कुआं खोद दिया। इतना ही नहीं, एक महीने में उसे पक्का कर आधा बीघा जमीन की सिंचाई भी कर डाली। भारत सिंह का कहना है कि पिछले कई महीनों से पत्नी को परेशान होते देख रहा था। एक दिन पत्नी बहुत उदास हो गई और मैंने खुद का कुआं खोदने की ठान ली।

पहले दिन गैती-फावड़ा चलाया, तो पत्नी ने उड़ाया पति का मजाक

भारत सिंह ने बताया, 'पहले दिन जब मैंने कुआं खोदने के लिए गैती और फावड़ा चलाया तो सुशीला मजाक उड़ाने लगी। पत्नी का कहना था कि मैं कुआं नहीं खोद पाऊंगा, उसके इस परिहास ने मेरे निर्णय को और मजबूत कर दिया। पांच दिन के भीतर ही करीब 15 फीट तक खोदाई कर दी।' अब सुशीला कहती हैं कि जीवन में पैसा ही सब कुछ नहीं है, ऐसा प्रेम करने वाला पति किस्मत वालों को ही मिलता है। 

कलेक्टर ने कहा- सम्मान कर शासकीय योजनाओं का दिलाएंगे लाभ

जिले की यह पहली घटना है कि किसी पति ने अपनी पत्नी के लिए अकेले ही कुआं खोद डाला। कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम ने कहा कि भारत सिंह और उसकी पत्नी को पीएम आवास दिलाया जाएगा। साथ ही शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। गौरतलब है कि भारत सिंह की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.