गृह मंत्रालय ने जारी किया दिशानिर्देश, चिड़ियाघरों और नर्सरी की देखभाल करें राज्य और केंद्र शासित प्रदेश
दिशानिर्देशों की सराहना करते हुए वन्य जीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने कहा लॉकडाउन से सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा लॉकडाउन के संबंध में जारी नए दिशानिर्देश में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिडि़याघरों, वन्य जीवों और नर्सरी की उचित देखभाल करने को कहा गया है।
दिशानिर्देश में कहा गया, 'चिडि़याघरों, नर्सरी, वन्य जीवों और जंगलों में आग बुझाने, पौधों को पानी देने के लिए जरूरी कर्मियों एवं श्रमिकों एवं उनके वाहनों की आवाजाही की अनुमति राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दी जाए।'
दिशानिर्देशों की सराहना करते हुए वन्य जीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने कहा, 'लॉकडाउन से सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है। यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि चिड़ियाघरों, राष्ट्रीय उद्यानों और आसपास के जंगल को कोई समस्या नहीं हो। जंगल में आग बुझाने के लिए जरूरी कार्यालयों को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में खोलने का फैसला स्वागत योग्य है।'
दिल्ली के चिड़ियाघर में बढ़ा दी गई सतर्कता
वहीं, दूसरी ओर अमेरिका के चिड़ियाघर में बाघिन को कोरोना होने का मामला सामने आने के बाद दिल्ली के चिड़ियाघर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी गई थी। विशेष परिस्थितियों के लिए बाघों और शेरों के लिए आइसोलेशन गुफा और अन्य पशुओं के लिए क्वारंटाइन स्थल चिह्नित किए जा चुके हैं। जिससे अगर किसी पशु-पक्षी में कोरोना के लक्षण दिखें तो तत्काल उन्हें आइसोलेट किया जा सके।