शिमला में मौसम की सबसे ज्यादा बर्फबारी
पर्वतीय राज्यों हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी ने रविवार को पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ा दी। दिल्ली, पंजाब व हरियाणा के लोगों के सबसे पसंदीदा हिल स्टेशन शिमला में मौसम का सबसे ज्यादा हिमपात हुआ है।
जेएनएन, नई दिल्ली। पर्वतीय राज्यों हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी ने रविवार को पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ा दी। दिल्ली, पंजाब व हरियाणा के लोगों के सबसे पसंदीदा हिल स्टेशन शिमला में मौसम का सबसे ज्यादा हिमपात हुआ है।
हिमाचल में भारी बारिश व बर्फबारी से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बर्फ के कारण किन्नौर, लाहुल स्पीति, शिमला जिले के दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार और चंबा जिले के भरमौर व पांगी क्षेत्र का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। चंबा-भरमौर मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई है। कुफरी, नारकंडा व हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग को बंद कर दिया गया है। मनाली-लेह मार्ग भारी बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बंद हो गया है।
बर्फबारी से प्रदेश में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के करीब 100 रूट प्रभावित हुए। शिमला जिले के मशोबरा, बल्देयां आदि क्षेत्रों में बसें फंसी हैं। इन क्षेत्रों में कई लोग रास्ते में फंसे रहे। लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। इसके अलावा कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
वहीं, उत्तराखंड के चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश। इससे पारे में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर सोमवार को चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में रह सकता है। जम्मू-कश्मीर में ऊधमपुर के नत्थाटॉप व पत्नीटॉप, भद्रवाह व कठुआ के पहाड़ी क्षेत्र बनी में जमकर बर्फबारी हुई है।
जम्मू में दोपहर तक बादल छाए रहे, जबकि संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। कश्मीर में मौसम विभाग की भविष्यवाणी के विपरीत मौसम शुष्क रहा। बनी तहसील के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में डंडी कुटू, जोड़े माता, दोले माता, डग्गर, लोहांग, सरथल, बांजल, चला, सियारा में ताजा हिमपात हुआ है।
ऊधमपुर के नत्थाटॉप और पत्नीटॉप में बर्फबारी से पर्यटकों चेहरे खिल गए हैं। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रविवार को बूंदाबांदी से तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई। लेकिन पंजाब और हरियाणा में लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत रही। पिछले कुछ दिनों में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस के इर्द-गिर्द घूम रहा था। लेकिन रविवार को 8 से लेकर 14 तक पहुंच गया।
और बढ़ सकती है सर्दी :
अगले 48 घंटे के दौरान सर्दी में कुछ और इजाफा हो सकता है। तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।