Move to Jagran APP

हिमाचल में आसमान से बरस रही आफत, जमीन भी सुरक्षित नहीं

हिमाचल में अब आसामान से बादल फटने के रूप में बरस रही आफत अब आम होने लगी है।

By Vikas JangraEdited By: Published: Thu, 19 Jul 2018 06:47 PM (IST)Updated: Thu, 19 Jul 2018 06:51 PM (IST)
हिमाचल में आसमान से बरस रही आफत, जमीन भी सुरक्षित नहीं
हिमाचल में आसमान से बरस रही आफत, जमीन भी सुरक्षित नहीं

धर्मशाला [मुनीष दीक्षित]। हिमाचल के जिन पहाड़ों को प्राकृतिक सौंदर्य का खजाना माना जाता है। वहां अब सब ठीक नहीं है। कुछ सालों से भूकंप की कंपन जहां बार-बार चंबा से लेकर किन्नौर तक अपनी दस्तक देकर इस पूरे इलाके को जोन पांच में होने का अहसास करवा रही है। तो आसामान से बादल फटने के रूप में बरस रही आफत अब आम होने लगी है।

loksabha election banner

पहाड़ दरकने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है और प्रदेश की नदियों को मूल राह से सुरंगों के जरिए कहीं और ले जाने की कवायद के बाद यहां की नदियां नाले भी गुस्से में कब आए जाएं कोई नहीं जानता। केवल इसे प्रकृतिक कारण मानकर ही इसे मुआवजे के मरहम से भरने की परिपाटी चल रही है। वर्ष 1905 में प्रदेश में हुए सबसे बड़े भूकंप के बाद से हिमाचल ने अस्सी के दशक में किन्नौर में उससे कुछ कम भूकंप की कंपन से नुकसान हुआ था। उसके बाद हर साल भूकंप पूरे प्रदेश में छोटे झटकों से अपने होने का एहसास तो करवा रहा है, लेकिन अभी सब सकुशल बना हुआ है।

लेकिन हिमाचल प्रदेश मौजूदा समय में जिस भय से गुजर रहा है, वो भय है बादल फटने की घटनाओं का। चार दशक से प्रदेश में बादल फटने की घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। अब तक बादल फटने की घटनाओं में हजारों लोग और पशु मौत के मुहं में जा चुके हैं। हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, लाहुल स्पीति, किन्नौर व शिमला जिले बादल फटने की घटनाओं के लिए सबसे अधिक संवेदनशील हो चुके हैं। इन जिलों में बादल फटने के अलावा पहाड़ों का खिसकना, भूस्खलन होना और बर्फ का कम गिरना भी कई संकेत दे रहा है। लेकिन विकास के नाम पर यहां के पहाड़ों, नदियों, नालों से खिलवाड़ जारी है।

क्या है बादल फटना 
बादल फटने का मतलब बादल के दो टुकड़े होना नहीं होता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जब एक जगह पर बहुत ही कम समय में अचानक भारी बारिश आ जाती है तो उसे ही बादल फटना कहते हैं। आप इसे इस तरह समझ सकते हैं कि अगर पानी से भरे किसी गुब्बारे को फोड़ दिया जाए तो सारा पानी एक ही जगह तेज़ी से नीचे की ओर गिर जाता है। ठीक उसी तरह बादल फटने की घटना में पानी से भरे बादल की बूंदें अचानक जमीन की तरफ आती हैं।

बादल फटने को फ्लैश फ्लड भी कहा जाता है। बादल फटने की घटना तब होती है जब काफी ज्यादा नमी वाले बादल एक जगह पर रुक जाते हैं और वहां मौजूद पानी की बूंदें आपस में मिलने लगती हैं। बूंदों के भार से बादल का घनत्व काफी बढ़ जाता है और फिर अचानक भारी बारिश शुरू हो जाती है। बादल फटने पर 100 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बारिश हो सकती है। बहुत कम समय में भारी बारिश होने को ही बादल फटना कहते हैं लेकिन यहां ये सवाल उठता है कि बादल फटने की घटना अक्सर पहाड़ों पर ही क्यों होती हैं?

क्यों फटते हैं पहाड़ों पर बादल?
वैज्ञानिकों की मानें तो इसकी वजह है पानी से भरे बादल पहाड़ी इलाकों फंस जाते हैं। पहाड़ों की ऊंचाई की वजह से बादल आगे नहीं बढ़ पाते और फिर अचानक एक ही जगह पर तेज़ बारिश होने लगती है। चंद सेकेंड में 2 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो जाती है। पहाड़ों पर 15 किलोमीटर की ऊंचाई पर बादल फटते हैं। यहां बादल फटने की घटनाएं धौलाधार, पीरपंजाल और हिमालय रेंज में सबसे अधिक बादल फटने की घटनाएं होती हैं।

पहाड़ों पर बादल फटने से इतनी तेज बारिश होती है जो सैलाब का रूप ले लेती है। पहाड़ पर बारिश का पानी रुक नहीं पाता इसीलिए तेजी से पानी नीचे की तरफ आता है और नीचे आने वाला पानी अपने साथ मिट्टी, कीचड़ और पत्थरों के टुकड़े साथ लेकर आता है। ये कीचड़ वाला सैलाब काफ़ी भीषण होता है जो अपने रास्ते में पड़ने वाले हर एक चीज़ को अपने साथ लेकर आगे बढ़ता जाता है।

हिमाचल में बादल फटने की घटनाएं
बरसात का शायद ही कोई ऐसा मौसम होगा जब हिमाचल में बादल फटने और मूसलधार बारिश से भू-स्खलन के कारण जानमाल के नुकसान की खबरें सुर्खियां न बनी हों। हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने के बाद सोन खड्ड में बाद आ जाने से धर्मपुर में पांच लोगों को जान गंवानी पड़ी और करोड़ों की संपत्ति को नुकसान हुआ था। यहां एक पूरा बस अडडा व बसें पानी में समां गई थी।

वर्ष 2001 में बैजनाथ में बादल फटने की भयानक घटना हुई थी। इसमें कई लोगों और मवेशियों की जान चली गई थी। शिमला जिले के चिड़गांव में 15 अगस्त ,1997 को 1500 लोग बादल फटने की घटना से हताहत हुए थे। मंडी शहर के अस्पताल रोड पर साल 1984 में भारी बारिश से करोड़ों का नुक्सान हुआ था। धर्मपुर क्षेत्र में भी वर्ष 2004 में बादल फटने के बाद बारिश का पानी 10 दुकानों में घुस गया था, जिससे दुकानों को भारी नुकसान हुआ था।

तबाही वाले बादलों की जानकारी रखने वाले विशेषज्ञ ऐसे मूसलाधार बारिश करने वाले बादलों को ‘क्यूमोलोनिंबस’ बादल के नाम से पहचानते हैं। ये बादल गोभी की शक्ल के लगते हैं और ऐसा लगता है जैसे गोभी का फूल आकाश में तैर रहा हो। इसी वर्ष शिमला व कुल्लू में बादल फटने की गई घटनाएं हो चुकी हैं।

बरोट में नोटिस हुई थी पहली घटना
वर्ष 1970 में पहली बार बादल फटने की घटना का नोटिस लिया गया, जहां एक मिनट में 38.10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। यह बारिश जिला मंडी व कांगड़ा की सीमा बरोट में हुई थी। इसके बाद से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। बरोट में एक मिनट में 38.10 मिमी बारिश हुई थी।

पहाड़ ही नहीं गर्म हवाएं भी बनती हैं कारण
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हमारे देश में हर साल मॉनसून के समय पानी से भरे हुए बादल उत्तर की ओर बढ़ते हैं, जिनके लिए हिमालय पर्वत एक बड़े अवरोधक के रूप में आता है। इसीलिए बादल फटने की ज्यादातर घटनाएं हिमालय क्षेत्र में ही होती है। बादल जरा सी भी गर्मी बर्दाश्त नहीं कर पाते। यदि गर्म हवा का झोंका उन्हें छू जाए, तो उनके फट पड़ने की आशंका बन जाती है। इसलिए दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में भी कई बार बादल फटने की घटनाएं देखी गई है।

हिमाचल में बादल फटने की घटनाएं बादलों के यहां के पहाड़ों से टकराने के कारण अधिक होती है। इससे अचानक एक स्थान में काफी पानी बरसता है। पहाड़ होने के कारण यह पानी तेजी से बहता है, इससे नुकसान अधिक होता है। - मनमोहन सिंह, निदेशक, मौसम विभाग, शिमला।

बादल फटने की घटनाएं काफी सालों से होती आ रही हैं। इसके पीछे मुख्य कारण पहाड़ों से बादलों का रूकना या टकराना कहा जा सकता है। अभी इसमें ऐसा कोई कारण नहीं आया है कि इसके पीछे पर्यावरण को जोड़ा, हां कुछ स्थानों में गर्म हवाएं अधिक होना भी कारण बन जाता है। लेकिन नुकसान वर्तमान में इसलिए हो रहा है क्योंकि लोगों ने अब नदी नालों के किनारें घर बना लिए हैं, कई स्थानों में नाले ही बंद हो गए हैं। ऐसे में जब बादल फटने से एकाएक सीमित स्थान में बारिश होगी, तो पानी तेज गति से बहना शुरू करेगा, लेकिन उसकी निकासी के स्थानों में अब बस्तियां बन जाने से नुकसान अधिक होता है। - डॉ. सुनील धर, भूगर्भ वैज्ञानिक।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.