इन पांच राज्यों में कोरोना से हो रही सबसे ज्यादा मौतें, 11.70 लाख के पार पहुंची रोजाना जांच क्षमता
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों में 70 फीसद केवल पांच राज्यों में ही हैं। जानें कौन से हैं वो पांच राज्य और क्या हैं हालात.
नई दिल्ली, एएनआइ। देश में कोरोना संक्रमण के तेजी से फैलने की रफ्तार जारी है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों में 70 फीसद केवल पांच राज्यों महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में ही हैं। यही नहीं देश में कुल सक्रिय मामलों के 62 फीसद एक्टिव केस इन्हीं पांच राज्यों में हैं। संक्रमण के अब तक के आंकड़ों के लिहाज से देखें तो देश में कुल मामलों में से 60 फीसद से ज्यादा केस महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में ही हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में रोजाना कोरोना जांच की क्षमता 11.70 लाख को पार कर गई है। अब तक लगभग 5 करोड़ (4,95,51,507) जांचें हुई हैं। बीते 24 घंटे में 7,20,362 कोरोना जांचें की गई। बीते दो हफ्ते में 1,33,33,904 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है।
यदि इन पांच राज्यों की आपस में तुलना करें तो महाराष्ट्र 21.6 फीसद मामलों के साथ शीर्ष पर है। आंध्र प्रदेश 11.8 फीसद के साथ दूसरे जबकि तमिलनाडु 11 फीसद के साथ तीसरे स्थान पर है। कर्नाटक में 9.5 जबकि यूपी में 6.3 फीसद कोरोना के मामले हैं। सक्रिय मामलों के लिहाज से भी महाराष्ट्र 26.76 फीसद के साथ टॉप पर है। आंध्र प्रदेश 11.30 फीसद के साथ दूसरे जबकि कर्नाटक 11.25 फीसद के साथ तीसरे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश में 6.98 फीसद जबकि तमिलनाडु में 5.83 सक्रिय मामले हैं।
यदि बीते 24 घंटों के आंकड़ों के लिहाज से देखें तो आंध्र प्रदेश में 11,915 लोग संक्रमण से ठीक हुए हैं। इसके बाद कर्नाटक और महाराष्ट्र में क्रमश: 9575 और 7826 लोग ठीक हुए हैं। तमिलनाडु और यूपी में क्रमश: 5820 और 4779 लोग रिकवर हुए हैं। बीते 24 घंटों में इन पांच राज्यों में कुल 57 फीसद रिकवरी भी दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक 32,50,429 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। बीते 24 घंटे में 69,564 रोगियों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही रिकवरी रेट 77.31 फीसद पर पहुंच गई है।
मौजूदा वक्त में मृत्यु दर गिरकर 1.7 फीसद रह गई है। मंत्रालय ने बताया कि तेजी से जांच, संक्रमितों का जल्द से जल्द पता लगाने और समय पर इलाज की रणनीति काफी कारगर साबित हुई है। सोमवार को देश में एक दिन में 90,802 लोगों के कोरोना से संक्रमित पाए गए जिसके साथ संक्रमितों की कुल संख्या 42,04,613 हो गई है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण से 1,016 लोगों की मौत हुई है, जिसके साथ ही मृतकों की कुल संख्या 71,642 हो गई है।